Highlights
'महाभारत: एक धर्मयुद्ध' के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो गया है।
सीरीज में द्रौपदी के स्वयंवर, चीरहरण और श्रीकृष्ण के दिव्य हस्तक्षेप की झलक दिखाई गई है।
यह भारत की पहली प्रीमियम AI आधारित सीरीज बताई जा रही है।
Mahabharat Ek Dharmayudh Season 2: महाभारत की कहानी एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाली है। भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य वाणी, कुरुक्षेत्र का महासंग्राम और धर्म-अधर्म के बीच संघर्ष को दिखाने वाली सीरीज 'महाभारत: एक धर्मयुद्ध' के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। जियोहॉटस्टार ने इसका ट्रेलर जारी करते हुए सीरीज की स्ट्रीमिंग डेट का भी ऐलान कर दिया है।
कलेक्टिव स्टूडियोज की इस सीरीज में भारतीय इतिहास और पौराणिक कथाओं को आधुनिक AI तकनीक के जरिए पर्दे पर उतारा गया है। 'महाभारत: एक धर्मयुद्ध' के दूसरे सीजन के ट्रेलर में महाभारत की कई महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक देखने को मिलती है। इसमें द्रौपदी के स्वयंवर में अर्जुन द्वारा घूमती हुई मछली की आंख पर निशाना लगाने से लेकर भरी सभा में द्रौपदी के चीरहरण और भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य हस्तक्षेप तक के सीन दिखाए गए हैं।
ट्रेलर में श्रीकृष्ण के संवाद 'छल, कपट, षड्यंत्र, अपराध और घोर अपमान' के जरिए उन घटनाओं को सामने लाया गया है, जिन्होंने कुरुक्षेत्र के युद्ध की नींव रखी थी। सीरीज यह बताने की कोशिश करती है कि महाभारत का युद्ध भले ही रणभूमि में लड़ा गया, लेकिन इसकी शुरुआत उससे बहुत पहले हो चुकी थी।
यह भारत की पहली प्रीमियम AI आधारित सीरीज बताई जा रही है। इसमें आधुनिक तकनीक की मदद से महाभारत की दुनिया, उसके किरदारों और महत्वपूर्ण घटनाओं को नए अंदाज में पेश किया गया है। दूसरे सीजन का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रोहित जयसिंग वैद्य ने किया है। वहीं, सीरीज का निर्माण जियोस्टार और कलेक्टिव स्टूडियोज ने मिलकर किया है। इसकी AI तकनीक और निर्माण का काम कलेक्टिव के संस्थान 'गैलरी5' ने संभाला है।
'महाभारत: एक धर्मयुद्ध' का दूसरा सीजन कुल 25 एपिसोड का होगा। इसे 24 नवंबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शकों को इसके नए एपिसोड हर हफ्ते देखने को मिलेंगे। कलेक्टिव आर्टिस्ट्स नेटवर्क के प्रमुख और CEO विजय सुब्रमण्यम के मुताबिक, 'हिस्ट्रीवर्स' के जरिए भारतीय संस्कृति से जुड़ी कहानियों को नई तकनीक और नए अंदाज में दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।