Highlights
माधुरी दीक्षित ने मराठी क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में 90 के दशक के दिनों को याद किया।
अभिनेत्री ने बताया कि उस दौर में मैगजीन सितारों पर कमेंट करती थीं।
माधुरी के मुताबिक, तब आज की तरह सोशल मीडिया पर बार-बार ट्रोलिंग नहीं होती थी।
Madhuri Dixit In Kon Honaar Crorepati: बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित आज भी अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और डांस के लिए पहचानी जाती हैं। अभिनेत्री ने अपने लंबे करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और 90 के दशक में जबरदस्त स्टारडम हासिल किया। इन दिनों माधुरी मराठी क्विज शो 'कौन होणार करोड़पति' में गेस्ट के तौर पर नजर आ रही हैं।
शो 'कौन होणार करोड़पति' के दौरान उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि उस दौर में कलाकारों को किस तरह की आलोचनाओं का सामना करना पड़ता था। साथ ही उन्होंने आज के सोशल मीडिया के दौर में बढ़ती ट्रोलिंग पर भी अपनी राय रखी। 'कौन होणार करोड़पति' के स्पेशल एपिसोड में शिव ठाकरे और गौतमी पाटिल भी मेहमान बनकर पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान शिव ठाकरे ने माधुरी दीक्षित से पूछा कि इतने सालों तक लोकप्रिय रहने के बावजूद उन्होंने खुद को जमीन से कैसे जोड़े रखा और ट्रोलिंग का उन पर कितना असर हुआ। इस सवाल के जवाब में माधुरी ने कहा कि 90 के दशक में भी कुछ मैगजीन कलाकारों के बारे में कमेंट करती थीं। हालांकि, उस समय की आलोचना आज सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग जैसी नहीं थी।
माधुरी ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में हमेशा काम को प्राथमिकता दी। उन्हें अपने काम से बहुत लगाव था और वह हर जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाती थीं। यही वजह रही कि उन्होंने नकारात्मक टिप्पणियों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
अभिनेत्री ने कहा कि मुझे अपने काम से बहुत लगाव था और मैं जो भी करती हूं, उसे सच्चे मन से करती हूं। इसी वजह से मैंने कभी ट्रोलिंग पर ध्यान ही नहीं दिया। उन्होंने आगे कहा कि कलाकारों को अपने काम से प्यार करना चाहिए और उनकी नीयत अच्छी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, जब इंसान अपने काम के प्रति ईमानदार होता है, तो बाकी चीजें ज्यादा मायने नहीं रखतीं।
माधुरी दीक्षित ने साल 1984 में फिल्म 'अबोध' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'तेजाब', 'राम लखन', 'दिल', 'साजन', 'बेटा', 'हम आपके हैं कौन..!', 'दिल तो पागल है' और 'देवदास' जैसी फिल्मों में काम किया। अपनी अदाकारी और डांस के दम पर उन्होंने हिंदी सिनेमा में खास पहचान बनाई। आज भी माधुरी की लोकप्रियता बरकरार है और उनकी बातें पुराने दौर और आज के मनोरंजन जगत के बीच के अंतर को सामने लाती हैं।