Bharat Bhhagya Viddhaata Day 6 Collection: अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए छह दिन हो चुके हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में थोड़ी रफ्तार जरूर पकड़ी थी, लेकिन वर्किंग डेज शुरू होते ही इसकी कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को लगभग 55 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया। सिनेमाघरों में फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी काफी कम रही और कुल सीटों का लगभग 11 प्रतिशत हिस्सा ही भर पाया। देशभर में फिल्म के करीब 1588 शो चल रहे हैं, लेकिन दर्शकों की संख्या उम्मीद से काफी कम रही। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 6.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की थी। इसके बाद शनिवार को 1.45 करोड़ और रविवार को 1.80 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ग्राफ ऊपर जाता दिखाई दिया। हालांकि सोमवार से स्थिति बदल गई और फिल्म की कमाई घटकर 65 लाख रुपये पर पहुंच गई। बुधवार तक यह आंकड़ा नीचे गिर गया। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में सुधार नहीं होता, तो इसके लिए लंबी रेस में टिके रहना मुश्किल हो सकता है।
अगर कंगना रनौत की हालिया फिल्मों से तुलना करें, तो इमरजेंसी ने शुरुआती पांच दिनों में लगभग 12.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जो ‘भारत भाग्य विधाता’ से काफी बेहतर था। हालांकि यह फिल्म तेजस से बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है, जिसने शुरुआती पांच दिनों में लगभग 4.65 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
'भारत भाग्य विधाता' की कहानी 2008 के मुंबई आतंकी हमलों पर आधारित है। इसमें एक नर्स के साहस और मानवता की मिसाल पेश की गई है। कहानी वास्तविक जीवन की नर्स अंजलि कुलथे से प्रेरित बताई जाती है, जिन्होंने संकट की घड़ी में अस्पताल में भर्ती मरीजों और गर्भवती महिलाओं की मदद कर कई जिंदगियां बचाईं। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कई अन्य फिल्मों से मुकाबला करना पड़ रहा है।