Janhvi Kapoor Tirumala Temple: बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने 6 मार्च को अपना 29वां जन्मदिन बेहद खास और आध्यात्मिक अंदाज में मनाया। ग्लैमरस पार्टी या बड़े सेलिब्रेशन की जगह उन्होंने भगवान के दर्शन का रास्ता चुना। जन्मदिन के मौके पर वह आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आ रही हैं। फैंस उनके इस आध्यात्मिक रूप की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जान्हवी कपूर ने तिरुमाला मंदिर पहुंचने के लिए परंपरागत रास्ता चुना और करीब 3500 सीढ़ियां नंगे पैर चढ़ीं। इस दौरान वह बेहद सिंपल लुक में नजर आईं।
जान्हवी ने फ्लोरल कुर्ता सेट पहना हुआ था, बालों में चोटी बनाई थी और कानों में हेडफोन लगाए हुए सीढ़ियां चढ़ती दिखाई दीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्ट्रेस शांत भाव से सीढ़ियां चढ़ते हुए मंदिर की ओर बढ़ रही हैं। उनके इस समर्पण और श्रद्धा को देखकर फैंस काफी प्रभावित हुए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ उनकी आस्था की भी सराहना कर रहे हैं।
दरअसल, तिरुमाला मंदिर जाना जान्हवी कपूर के लिए एक खास परंपरा बन चुकी है। वह लगभग हर साल अपने जन्मदिन के मौके पर यहां दर्शन करने पहुंचती हैं। इतना ही नहीं, अपनी मां श्रीदेवी के जन्मदिन पर भी वह मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाती हैं। बताया जाता है कि जब श्रीदेवी जीवित थीं, तब वह भी हर साल तिरुमाला मंदिर में भगवान के दर्शन करने जाया करती थीं। अब जान्हवी उसी परंपरा को पूरी श्रद्धा और लगन के साथ निभा रही हैं।
अगर जान्हवी कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो एक्ट्रेस इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। जल्द ही वह फिल्म पेड्डी में नजर आने वाली हैं, जिसमें उनके साथ राम चरण मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। इस फिल्म में शिवा राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा हाल ही में जान्हवी फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी में भी दिखाई दी थीं।