मां श्रीदेवी चाहती थीं डॉक्टर बने जान्हवी कपूर, लेकिन एक्टिंग के सपने ने दिलाई बॉलीवुड में पहचान

Janhvi Kapoor Career: जान्हवी कपूर ने खुलासा किया कि उनकी मां श्रीदेवी नहीं चाहती थीं कि वह फिल्मों में आएं और डॉक्टर बनना चाहती थीं। पिता बोनी कपूर के सपोर्ट से उन्होंने धड़क से डेब्यू किया।
Janhvi Kapoor Birthday Special Sridevi Boney Kapoor Dhadak debut Gunjan Saxena Devara Part 1
जान्हवी कपूर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Janhvi Kapoor Birthday Special: बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर आज इंडस्ट्री की चर्चित युवा स्टार्स में गिनी जाती हैं। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि बचपन से ही एक्टिंग का सपना देखने वाली जान्हवी के लिए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखना इतना आसान नहीं था। उनकी मां श्रीदेवी चाहती थीं कि बेटी फिल्मों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान दे और डॉक्टर बने।

जान्हवी कपूर का जन्म 6 मार्च 1997 को मुंबई में हुआ। वे फिल्म निर्माता बोनी कपूर और सुपरस्टार श्रीदेवी की बड़ी बेटी हैं। उनका परिवार कई पीढ़ियों से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है। उनके दादा सुरिंदर कपूर भी प्रसिद्ध फिल्म निर्माता थे, जबकि उनके चाचा अनिल कपूर और संजय कपूर भी बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता हैं। फिल्मी माहौल में पली-बढ़ी जान्हवी का झुकाव बचपन से ही एक्टिंग की तरफ था। लेकिन उनकी मां श्रीदेवी इस बात को लेकर काफी सख्त थीं।

श्रीदेवी नहीं चाहती थीं बेटी बने एक्ट्रेस

एक इंटरव्यू के दौरान जान्हवी ने बताया था कि उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वे एक्टिंग करें। उनका मानना था कि फिल्म इंडस्ट्री काफी कठिन और चुनौतीपूर्ण है। जान्हवी ने कहा था कि उनकी मां उन्हें लेकर बहुत प्रोटेक्टिव थीं। उन्हें लगता था कि वह बहुत भोली हैं और बॉलीवुड की प्रतिस्पर्धा में खुद को संभाल नहीं पाएंगी। श्रीदेवी चाहती थीं कि उनकी बेटी डॉक्टर बने और एक सुरक्षित करियर चुने।

पापा बोनी कपूर बने सहारा

हालांकि जान्हवी का सपना एक्टिंग ही था। ऐसे में उन्होंने अपने पिता बोनी कपूर से मदद मांगी। बोनी कपूर ने उनका साथ दिया और धीरे-धीरे श्रीदेवी को भी समझाया। आखिरकार परिवार की सहमति के बाद जान्हवी ने बॉलीवुड में कदम रखने का फैसला किया। जान्हवी कपूर ने साल 2018 में निर्देशक शशांक खेतान की फिल्म धड़क से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ ईशान खट्टर नजर आए थे। यह फिल्म मराठी सुपरहिट फिल्म सैराट की हिंदी रीमेक थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई।

करियर की शुरुआत में झेला बड़ा दुख

जान्हवी के करियर की शुरुआत खुशी के साथ-साथ दुख भी लेकर आई। उनकी पहली फिल्म की रिलीज से पहले ही 24 फरवरी 2018 को दुबई में श्रीदेवी का निधन हो गया। उस समय जान्हवी सिर्फ 20 साल की थीं। ‘धड़क’ के बाद जान्हवी ने कई चुनौतीपूर्ण फिल्मों में काम किया। साल 2020 में उन्होंने गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल में भारतीय वायुसेना की पायलट का किरदार निभाया, जिसे काफी सराहना मिली।

जान्हवी कपूर की अपकमिंग फिल्म

साल 2022 में फिल्म मिली में जान्हवी कपूर के अभिनय की भी खूब तारीफ हुई। साल 2024 में जान्हवी ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखा और देवरा: पार्ट 1 में जूनियर एनटीआर के साथ नजर आईं। अब वह राम चरण के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर चर्चा में हैं। कड़ी मेहनत और अपने जुनून के दम पर जान्हवी कपूर आज बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com