Thalapathy Vijay Jana Nayagan: साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर थलपति विजय की फिल्म जन नायकन सिनेमाघरों में लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। एच विनोद के डायरेक्शन में बनी इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। रिलीज के तीसरे वीकेंड में प्रवेश करते ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर फिर से गदर मचाना शुरू कर दिया है। तीसरे शुक्रवार को कमाई में हल्की गिरावट के बाद शनिवार को इसके कलेक्शन में जबरदस्त बढ़त देखी गई।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार तीसरे शनिवार यानी 17वें दिन फिल्म ने भारत में नेट 2.35 करोड़ रुपये की कमाई की है। शुक्रवार की तुलना में यह आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा है। 16वें दिन फिल्म ने महज 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इस लिहाज से शनिवार को कारोबार में करीब 135 फीसदी की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। इस उछाल ने साबित कर दिया है कि दर्शकों के बीच थलपति विजय का क्रेज अब भी बरकरार है।
17वें दिन के कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो तमिल भाषा के शो से सबसे ज्यादा कमाई हुई है। शनिवार को तमिल वर्जन ने अकेले 2.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
वहीं हिंदी डब्ड वर्जन से केवल 15 लाख रुपये का कलेक्शन हुआ। रात के शोज़ में दर्शकों की उपस्थिति सबसे अधिक रही, जहां सिनेमाघरों में ऑक्यूपेंसी लगभग 48 % तक पहुंच गई।
इस शानदार उछाल के बाद थलपति विजय की फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 188.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल ग्रॉस कलेक्शन 219.71 करोड़ रुपये हो चुकी है।
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म का प्रदर्शन स्थिर रहा है, जहां से अब तक 93.15 करोड़ रुपये की कुल कमाई हुई है। इन सभी आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का ग्लोबल ग्रॉस कलेक्शन 312.86 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।
फिल्म ‘जन नायकन’ में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू जैसे बड़े सितारों ने काम किया है। इस फिल्म को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह थलपति विजय की एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। इसके बाद वह पूर्णकालिक रूप से राजनीति में कदम रख चुके हैं।