Rajinikanth Film Jailer 2 CBFC Certificate: सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से पास कर दिया गया है। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट मिला है। इसके साथ ही फिल्म की अवधि भी सामने आ गई है। 'जेलर 2' करीब 165 मिनट 18 सेकेंड, यानी लगभग 2 घंटे 45 मिनट लंबी होगी।
'जेलर 2' का ट्रेलर 5 अक्टूबर को रिलीज किया गया था। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ी हुई है। अब इसके सेंसर सर्टिफिकेशन की जानकारी सामने आने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर एक और अहम अपडेट मिल गया है। इससे पहले खबरें थीं कि फिल्म को CBFC से A सर्टिफिकेट मिला है, लेकिन लेटेस्ट रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसे UA 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया गया है।
‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज हुई रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर मुतुवेल पांडियन के किरदार में नजर आएंगे, जिन्हें ‘टाइगर’ के नाम से भी जाना जाता है। पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब रहा था और इसी वजह से दूसरे पार्ट से भी काफी उम्मीदें हैं। फिल्म 15 अक्टूबर को तमिल, हिंदी समेत कई भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'जेलर 2' का निर्देशन एक बार फिर नेलसन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि इसे कलानिधि मारन की सन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, विनायकन और जाफर सादिक जैसे कलाकार फिर से नजर आएंगे। इसके अलावा मोहनलाल और शिवराकुमार भी कैमियो करते दिखाई देंगे। फिल्म की नई स्टारकास्ट में एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विजय सेतुपति, विद्या बालन, सूरज वेजारमूडू, अपेक्षा पोरवाल समेत कई कलाकार शामिल हैं।
'जेलर 2' को लेकर ऋतिक रोशन के कैमियो की भी काफी चर्चा है। हालांकि उनके रोल को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। खास बात यह है कि यह रजनीकांत की बड़े पैमाने पर IMAX फॉर्मेट में रिलीज होने वाली पहली फिल्म होगी। ऐसे में फिल्म की लंबी अवधि, स्टारकास्ट और बड़े स्केल को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।