

Hrithik Roshan Jialer 2 Role Update: सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में कई बड़े सितारों के कैमियो की चर्चा है, जिनमें ऋतिक रोशन का नाम भी शामिल है। हालांकि, फिल्म के ट्रेलर में ऋतिक का चेहरा या उनका किरदार साफ तौर पर नजर नहीं आया, जिसके बाद उनके रोल को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे थे। अब ऋतिक के बॉडी डबल ने एक तस्वीर शेयर कर इस मिस्ट्री को और दिलचस्प बना दिया है।
ऋतिक रोशन के बॉडी डबल मंसूर अली खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म से जुड़ा एक विजुअल शेयर किया है। तस्वीर में एक शख्स का बैक नजर आ रहा है और लोकेशन भी कुछ हद तक वैसी ही दिखाई दे रही है, जैसी 'जेलर 2' के ट्रेलर में देखने को मिली थी। मंसूर ने तस्वीर के साथ कोई जानकारी या कैप्शन नहीं दिया है, लेकिन पीछे से नजर आ रहा शख्स ऋतिक रोशन जैसा दिखाई दे रहा है।
फैंस अब अंदाजा लगा रहे हैं कि 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन का किरदार ग्रे शेड वाला हो सकता है। हालांकि, उनके रोल को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रेलर में एक शख्स को जेल के अंदर कुर्सी पर बैठे हुए भी देखा गया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। मंसूर अली खान इससे पहले भी कई प्रोजेक्ट्स में ऋतिक रोशन के बॉडी डबल के तौर पर काम कर चुके हैं।
अब फैंस की नजर इस बात पर है कि फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ऋतिक रोशन का फाइनल लुक और किरदार रिवील करते हैं या फिर उनकी एंट्री को पूरी तरह सरप्राइज बनाए रखते हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पर फैंस उनके कैमियो को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। रजनीकांत की ‘जेलर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और फिल्म ने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। ऐसे में इसके सीक्वल से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
फिल्म में बड़े सितारों की मौजूदगी को देखते हुए इसे रजनीकांत के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि ‘जेलर 2’ दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। फिल्म में ऋतिक रोशन के अलावा कई बड़े कैमियो की चर्चा है। पहले शाहरुख खान के कैमियो की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन अब ऋतिक की मौजूदगी को लेकर उत्सुकता सबसे ज्यादा बढ़ गई है।