मुंबई, फिल्म 'आशिकी' (Aashiqui) से मशहूर होने वाले बॉलीवुड एक्टर राहुल रॉय आज अपना 54 वां जन्मदिन (Happy Birthday Rahul Roy) मना रहे हैं। राहुल रॉय अपनी पहली ही फिल्म से काफी पॉपुलर हो गए थे। राहुल रॉय ने फिल्म 'आशिकी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। यह फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आयी थी। महेश भट्ट की इस फिल्म से राहुल रॉय रातो-रात सुपरस्टार बन गए थे। लेकिन, इस फिल्म के बाद उन्हें कोई बड़ी फिल्म में काम करने का खास मौका नहीं मिला। तो चलिए आज राहुल रॉय के जन्मदिन पर जानते है उनके बारे में कुछ दिलचस्प बातें...
राहुल रॉय (Rahul Roy) का जन्म 9 फरवरी 1968 को मुंबई में हुआ। राहुल एक बिजनेसमैन फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। राहुल की मां आर्टिकल लिखा करती थीं। वहीं, उनके पिता दीपक एक बिजनेस मैन थे। राहुल ने दिल्ली से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। कॉलेज की पढाई करते हुए राहुल ने मॉडलिंग शुरू कर दी थी। राहुल ने कभी फिल्मों में काम करने के बारे में नहीं सोचा था। लेकिन, महेश भट्ट की मदद से उन्हें फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने का मौका मिला।
राहुल रॉय (Rahul Roy) को अपनी पहली फिल्म 'आशिकी' भी फ़िल्मी अंदाज़ में मिली थी। दरअसल, एक बार महेश भट्ट ने राहुल की मां का लिखा हुआ आर्टिकल पढ़ा था। इसके बाद वह उनसे मिलने पहुंचे थे। तब उन्हें घर पर राहुल की तस्वीर देखी और उन्होंने राहुल की मां से उनके बारे पूछा। उस वक्त वो घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद राहुल ने महेश भट्ट को कॉल किया। इसके बाद महेश भट्ट ने राहुल को ऑफिस बुलाया और फिल्म 'आशिकी' में काम करने का ऑफर दे दिया। इसके साथ ही महेश भट्ट ने उन्हें एक्टिंग सीखने की भी नसीहत दी।
राहुल (Rahul Roy) ने मॉडलिंग करते हुए ही एक्टिंग भी सीखनी शुरू कर दी। राहुल ने जब यह फिल्म साइन की तब उनको पता नहीं था की यह फिल्म इतनी बड़ी हिट होगी। राहुल की फिल्म आशिकी साल 1990 में रिलीज हुई थी। एक दिन महेश भट्ट राहुल को मेट्रो सिनेमा में फिल्म का पहला शो दिखाने ले गए। लोगों को जैसे ही राहुल के बारे में पता चला वे बेकाबू हो गए। इसके बाद लोगों से बचने के लिए राहुल मैनेजर के केबिन में छिप गए। किसी तरह उन्होंने फिल्म देखी।
फिल्म ख़त्म होने के बाद लोगों को पता चला कि राहुल मैनेजर के केबिन में हैं तो उन्होंने हल्ला मचा दिया। इसके बाद राहुल किसी तरह लोगों से बचकर वहां से निकले। रास्ते में मुकेश भट्ट ने राहुल से कहा, 'तू तो स्टार बन गया'। राहुल रॉय की फिल्म आशिकी 6 महीने तक हाउसफुल चलती रही। आशिकी में राहुल रॉय के साथ अभिनेत्री अनु अग्रवाल नजर आईं थीं। उनकी पहली फिल्म ‘आशिकी’ के गाने आज भी लोगों को उसी तरह याद हैं। हालांकि, इस फिल्म के बाद राहुल के पास कोई अच्छी फिल्म नहीं आयीं। उन्हें 8 महीने रुकना पड़ा। इसके बाद उनके पास 60 फिल्मों के एक साथ ऑफर आ गए।
राहुल (Rahul Roy) ने उनमें से महज 11 दिन में 47 फिल्में साइन कीं। राहुल एक दिन में तीन-तीन फिल्मों की शूटिंग करते थे। बाद में उन्हें लगा कि उन्होंने कुछ ज्यादा ही फिल्में साइन कर दी हैं। इसलिए उन्होंने बाद में 21 प्रोड्यूसरों के पैसे वापस कर दिए थे। राहुल ने 'फिर तेरी याद आई', 'जानम', 'सपने साजन के', 'गुमराह' और 'मझदार' जैसी फिल्मों में काम किया हैं। राहुल ने अपने करियर में कुल मिलाकर 25 हिंदी फिल्मों में काम किया है। राहुल ने पूजा भट्ट के साथ 3, शिल्पा शेट्टी के साथ 2, करिश्मा कपूर के साथ 2 श्रीदेवी के साथ 1 और रवीना टंडन के साथ 2 फिल्मों में काम किया। लेकिन, इनमें से एक भी फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं।
राहुल एक्टिंग के अलावा निर्देशन भी कर चुके हैं। उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में भी हाथ आजमाया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इतना ही नहीं राहुल रॉय साल 2006 में टेलीविजन रिएलिटी शो बिग बॉस में शामिल हुए। इस शो में राहुल को दर्शकों का खूब प्यार मिला। राहुल रॉय बिग बॉस के पहले सीजन के विनर भी रह चुके हैं। वहीं, राहुल रॉय राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाना चाहते थे। उन्होंने 2017 में बीजेपी में शामिल हो गए थे।
राहुल रॉय (Rahul Roy) फिल्मों की तरह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। राहुल का पहला अफेयर महेश भट्ट की बेटी पूजा भट्ट के साथ हुआ। लेकिन दोनों ने कभी अपने रिश्ते को नहीं स्वीकारा। इसके बाद राहुल की जिंदगी में मनीषा कोईराला की एंट्री हुई। दोनों ने फिल्म 'मझदार' में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे। लेकिन राहुल अपने करियर को लेकर काफी परेशान रहते थे। इसलिए वह लगातार महेश भट्ट के साथ रहते थे। जिसके चलते मनीषा और राहुल के रिश्ते में धीरे धीरे दरार आने लगी।
मनीषा, राहुल और अपने रिलेशन को लेकर काफी सीरियस थीं। लेकिन, राहुल रॉय, मनीषा को लेकर सीरियस नहीं थे। वह महेश भट्ट के एक कॉल पर मनीषा को छोड़कर चले जाते थे। मनीषा को राहुल का यह बर्ताव पसंद नहीं आया। इसलिए उन्होंने आखिर में अलग होने का फैसला लिया।
इसके बाद भी राहुल (Rahul Roy) की जिंदगी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। राहुल फिल्म सिटी में 'जब जब दिल मिले' की शूटिंग कर रहे थे। तब एक सीन में उन्हें जीप चलानी थी। सीन शुरू हुआ और जब राहुल गाड़ी चला रहे थे तो उन्हें पता चला कि गाड़ी के ब्रेक फेल हो चुके हैं। उन्होंने गाड़ी रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन शूटिंग देख रहा एक शख्स गाड़ी के सामने आ गया। जिस वजह से उस शख्स के पैरों की हड्डियां टूट गईं। उस शख्स ने राहुल के खिलाफ केस कर दिया।
फिल्म के प्रोड्यूसरों को अपनी फिल्म रुक जाने का डर था इसलिए उन्होंने राहुल की मदद की। राहुल को जेल नहीं हुई लेकिन, उनकी इमेज पूरी तरह ख़राब हो चुकी थी। अब उन्हें फिल्में मिलना भी बंद हो गईं। इसके बाद उन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया। लेकिन, वहां भी वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाएं। राहुल ने मॉडल राजलक्ष्मी खानविलकर से शादी कर ली। लेकिन निजी जिंदगी में भी उन्हें सफलता नहीं मिली। जल्द ही दोनों तलाक की अर्जी दे दी। अब दोनों अलग हो गए हो गए हैं।