Ajay Devgn Film Golmaal 5 Release Date: बॉलीवुड की पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए लौट रही है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही 'गोलमाल 5' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन के साथ फ्रेंचाइजी के कई पुराने चेहरे नजर आएंगे। रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर 'गोलमाल 5' का पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्टर में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, शरमन जोशी, श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू एक ही लंबी मोटरसाइकिल पर बैठे नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ रोहित शेट्टी ने लिखा कि फिल्म में हंसी, मस्ती, खुशी और फैमिली एंटरटेनमेंट देखने को मिलेगा।
'गोलमाल' फ्रेंचाइजी की खासियत इसकी वही पुरानी टोली रही है। अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े जैसे कलाकार इस सीरीज की फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का मनोरंजन करते आए हैं। नई फिल्म में भी इन चेहरों की वापसी ने फैंस का ध्यान खींचा है। ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'गोलमाल' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म साल 2006 में रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर और शरमन जोशी के साथ रिमी सेन और परेश रावल अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म की स्लैपस्टिक कॉमेडी, मजेदार संवाद और गानों को दर्शकों ने पसंद किया था। कहानी चार दोस्तों गोपाल, माधव, लक्ष्मण और लकी के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में ये चारों एक अंधे दंपति के घर उनके पोते बनकर रहने लगते हैं और यहीं से कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं।
पहली फिल्म की सफलता के बाद फ्रेंचाइजी के तीन और पार्ट रिलीज हुए। 'गोलमाल रिटर्न्स' 2008 में, 'गोलमाल 3' 2010 में और 'गोलमाल अगेन' 2017 में सिनेमाघरों में आई थी। अब करीब एक दशक बाद फ्रेंचाइजी का पांचवां पार्ट दर्शकों के बीच आने वाला है। ‘गोलमाल 5’ के ऐलान के साथ ही फैंस को एक बार फिर इस मशहूर कॉमेडी गैंग की वापसी का इंतजार है।