Highlights
दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले पुलिस को मिला धमकी भरा ईमेल।
ईमेल में IED धमाके की चेतावनी और बच्चों को शो में नहीं लाने की बात कही गई।
धमकी भरे ई-मेल में आईफोन कॉल और मेट्रो यात्रा को लेकर भी चेतावनी लिखी गई।
इससे पहले मुंबई और इंदौर में भी दिलजीत के शो से पहले धमकी भरे ईमेल मिले थे।
Diljit Dosanjh Bengaluru Concert Bomb Threat: सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर एक बार फिर सिक्योरिटी एजेंसी की चिंता बढ़ गई है। उनके बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले पुलिस को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है,
जिसमें आईईडी यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस से हमले की बात कही गई है। यह मैसेज ऐसे समय में सामने आया है जब दर्शक उनके शो को लेकर खासे उत्साहित हैं, लेकिन इस धमकी भरे ईमेल ने लोगों के मन में सवाल और सतर्कता दोनों पैदा कर दी हैं।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। इसमें 29 नवंबर को बेंगलुरु के मादावरा के एनआईसीई रोड ग्राउंड पर होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने का उल्लेख है। धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद का नारा भी लिखा गया है और शो के दौरान आईईडी धमाके की चेतावनी दी गई है।
इस ईमेल की एक खास बात यह है कि इसमें आम लोगों के लिए कई तरह की वॉर्निंग दर्ज की गई हैं। भेजने वाले ने माता-पिता से अपील की है कि वे बच्चों को कॉन्सर्ट में साथ न ले जाएं। इसके साथ ही आईफोन पर आने वाली कॉल का जवाब न देने और मेट्रो से सफर करने से बचने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। पुलिस ने इन सभी बतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से जुड़ी यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अक्टूबर में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के ऑफिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के आवास और 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत के शो को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
बाद में नवंबर में इंदौर के कॉन्सर्ट से पहले भी कई धमकियां सामने आईं। 2 नवंबर को इंदौर के 3 प्राइवेट स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के ऑफर को धमाके की चेतावनी वाला ईमेल मिला था, जबकि 10 नवंबर को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच को भी इंदौर कॉन्सर्ट से जुड़ा धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था।
फिलहाल दिलजीत दोसांझ अपने ऑरा इंडिया टूर 2026 को लेकर चर्चाओं में हैं। बुकमायशो पर दी गई जानकारी के अनुसार उनका बेंगलुरु कॉन्सर्ट 29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में शाम 4 बजे शुरू होना तय है। धमकियों और पुलिस की जांच के बीच भी इस शो के टिकटों की बिक्री जारी है, जबकि सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन और एजेंसियां अलर्ट पर बनी हुई हैं।