Deepika Padukone Ranveer Singh Daughter Dua: बॉलीवुड के पावर कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने अपनी बेटी दुआ पादुकोण सिंह के दूसरे जन्मदिन के मौके पर फैंस को खास सरप्राइज दिया है। कपल ने सोशल मीडिया पर कुछ खूबसूरत ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें उनकी नन्ही लाडली दुआ की क्यूट झलक देखने को मिल रही है। तस्वीरों में पूरा परिवार हंसते-मुस्कुराते और एक-दूसरे के साथ प्यार भरे पल बिताता नजर आ रहा है।
रणवीर और दीपिका की इन तस्वीरों में दुआ के मासूम एक्सप्रेशन फैंस का दिल जीत रहे हैं। एक तस्वीर में नन्ही दुआ अपने माता-पिता के बीच चेहरा छिपाती दिखाई दे रही हैं, तो दूसरी तस्वीर में वह रणवीर और दीपिका के साथ खिलखिलाकर हंसती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों में परिवार की बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है। तस्वीरों की खास बात दीपिका पादुकोण का बेबी बंप भी है।
एक तस्वीर में एक्ट्रेस गर्व के साथ अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। वहीं, अपनी मां के इस खास पल के दौरान दुआ की प्यारी अदाएं तस्वीर को और भी खास बना रही हैं। फैंस अब इन तस्वीरों पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए दीपिका को टैग किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि बेबी दुआ और हमारे दिल बड़े हो रहे हैं! आपके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद।
8 सितंबर को दुआ का दूसरा जन्मदिन है। रणवीर और दीपिका ने सितंबर 2024 में अपनी बेटी का स्वागत किया था। बाद में कपल ने बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम ‘दुआ’ इसलिए रखा, क्योंकि वह उनकी प्रार्थनाओं का जवाब थीं। अब दुआ जल्द ही बड़ी बहन बनने वाली हैं। रणवीर और दीपिका ने अप्रैल 2026 में दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। कपल ने एक प्यारी सी पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी शेयर की थी, जिसमें दुआ प्रेग्नेंसी टेस्ट का पॉजिटिव रिजल्ट पकड़े नजर आई थीं।
रणवीर और दीपिका ने कई साल तक डेटिंग करने के बाद नवंबर 2018 में इटली में शादी की थी। दोनों ने साथ में गोलियों की रासलीला राम-लीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत जैसी फिल्मों में काम किया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण को शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ में देखा जाएगा।