

Imtiaz Ali Support Ranveer Singh: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों 'डॉन 3' विवाद और उन पर लगाए गए फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के बैन को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस पूरे मामले पर अब फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और अभिनेता के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं।
इम्तियाज अली इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान जब उनसे रणवीर सिंह पर लगे बैन के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना चाहिए। इम्तियाज अली ने कहा कि ईश्वर करे किसी भी कलाकार के जीवन में ऐसा दिन कभी न आए।
इम्तियाज अली ने आगे कहा कि रणवीर सिंह एक बेहद शानदार और प्रतिभाशाली अभिनेता हैं। मैं इस पूरे मामले की सभी बारीकियों से पूरी तरह वाकिफ नहीं हूं, लेकिन मेरी यही उम्मीद है कि यह विवाद जल्द से जल्द सुलझ जाए। उनके इस बयान को रणवीर सिंह के लिए एक बड़े समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग पहले भी इस मामले पर अपनी राय रख चुके हैं।
दरअसल, रणवीर सिंह को फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डॉन 3' में मुख्य भूमिका निभानी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटिंग शुरू होने से पहले उन्होंने फिल्म से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट को कथित तौर पर करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। मामला FWICE तक पहुंचा, जिसके बाद संगठन ने रणवीर सिंह के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव' जारी करते हुए उन पर बैन लगा दिया था।
हालांकि बाद में खबर आई कि रणवीर सिंह की ओर से FWICE को कानूनी नोटिस भेजा गया। इसके बाद संगठन ने अपना रुख नरम करते हुए अभिनेता पर लगाया गया बैन हटा दिया और बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की बात कही। फिलहाल इस विवाद पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं रणवीर सिंह अपनी आने वाली फिल्मों और प्रोजेक्ट्स को लेकर भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं।