Highlights
भूमि पेडनेकर आगामी हॉरर फिल्म 'जानी दुश्मन: डर के आगे मौत' में नजर आएंगी।
फिल्म का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं और इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर रॉबी ग्रेवाल हैं।
मां-बेटी के रिश्ते, पारिवारिक रहस्यों और अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द घूमेगी फिल्म की कहानी।
Bhumi Pednekar Film Jaani Dushman: बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर अब तक कई अलग-अलग किरदारों से दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी हैं। अब वह बड़े पर्दे पर हॉरर अवतार में नजर आने वाली हैं। अभिनेत्री की आगामी फिल्म 'जानी दुश्मन: डर के आगे मौत' का ऐलान हो गया है। यह फिल्म एक सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर होगी, जिसकी कहानी यूनाइटेड किंगडम पर आधारित होगी। फिल्म में डर, रोमांच, पारिवारिक रहस्य और अलौकिक शक्तियों का अनोखा मेल देखने को मिलेगा।
भूमि पेडनेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए इसकी घोषणा की। इसके साथ उन्होंने लिखा कि दर्द तो बहुत देखा होगा, लेकिन अब खौफ महसूस करने के लिए तैयार हो जाएं। आपके लिए पेश है, फिल्म 'जानी दुश्मन: डर के आगे मौत'। अभिनेत्री की इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, फिल्म में भूमि के किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस हॉरर थ्रिलर का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं, जबकि रॉबी ग्रेवाल इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और प्रभलीन संधू की अलमाइटी मोशन पिक्चर मिलकर कर रहे हैं। इस सहयोग को लेकर भूषण कुमार ने कहा कि अलमाइटी मोशन पिक्चर उनके भरोसेमंद क्रिएटिव पार्टनर्स में से एक है। 'मेड इन इंडिया- अ टाइटन स्टोरी' सीरीज के बाद दोनों प्रोडक्शन हाउस एक बार फिर साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
भूमि पेडनेकर की फिल्म की कहानी एक मां और बेटी के इर्द-गिर्द घूमेगी। इसमें पारिवारिक रहस्यों के साथ अलौकिक शक्तियों को भी दिखाया जाएगा। इसकी पूरी कहानी यूनाइटेड किंगडम में सेट की गई है। फिल्म की खास बात यह भी है कि इसमें हॉलीवुड के मशहूर स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो को शामिल किया गया है। वह 'हैरी पॉटर', 'फास्ट एंड फ्यूरियस', 'द एक्सपेंडेबल्स', 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और 'द कॉन्ज्यूरिंग' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं।
प्रभलीन संधू ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भूषण कुमार और टी-सीरीज के साथ उनका जुड़ाव हमेशा खास रहा है। यह फिल्म उन्हें रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद के साथ दोबारा काम करने का मौका दे रही है। फिल्म के को-प्रोड्यूसर शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास हैं। अब दर्शकों को इस सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर के सिनेमाघरों में आने का इंतजार है। फिल्म 'जानी दुश्मन: डर के आगे मौत' साल 2027 में रिलीज होगी।