Highlights
थॉर और लोकी की जोड़ी में भाईचारे के साथ नोकझोंक और ईर्ष्या भी देखने को मिलती है।
वांडा और पिएत्रो जुड़वां भाई-बहन हैं, पिएत्रो ने बहन की रक्षा के लिए बलिदान दिया।
टी’चल्ला की मौत के बाद शुरी ने ब्लैक पैंथर बनकर अपने भाई की विरासत संभाली।
Marvel Brother Sister Duo On Bhai Dooj 2026: भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार, शरारतों और एक-दूसरे के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस रिश्ते की खूबसूरती सिर्फ आम जिंदगी में ही नहीं, बल्कि फिल्मों की दुनिया में भी देखने को मिलती है। मार्वल यूनिवर्स में ऐसे कई किरदार हैं, जिनकी कहानियां भाई-बहन के रिश्ते के अलग-अलग रंग दिखाती हैं। कहीं नोकझोंक है, तो कहीं एक-दूसरे के लिए जान कुर्बान करने का जज्बा।
थॉर और लोकी मार्वल की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल हैं। क्रिस हेम्सवर्थ और टॉम हिडलस्टन ने इन किरदारों को पर्दे पर निभाया है। दोनों साथ बड़े हुए, लेकिन लोकी थॉर का जैविक भाई नहीं, बल्कि ओडिन का गोद लिया हुआ बेटा है। सत्ता और ईर्ष्या को लेकर दोनों में कई बार टकराव हुआ, लेकिन एक-दूसरे के प्रति उनका लगाव भी कहानी का अहम हिस्सा रहा है।
वांडा और पिएत्रो जुड़वां भाई-बहन हैं। एलिजाबेथ ओल्सन और एरॉन टेलर-जॉनसन ने इनका किरदार निभाया। ‘एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन’ में पिएत्रो हॉकआई और एक बच्चे को बचाने के लिए अपनी जान दे देता है। भाई का यह बलिदान वांडा की जिंदगी का सबसे भावुक मोड़ बन जाता है।
‘ब्लैक पैंथर’ की यह जोड़ी भाई-बहन के प्यार और सम्मान की मिसाल है। चैडविक बोसमैन और लेटिटिया राइट ने टी’चल्ला और शुरी का किरदार निभाया। शुरी अपने भाई की तकनीकी मदद करती है। टी’चल्ला के निधन के बाद शुरी उसकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए ब्लैक पैंथर बनती है।
गमोरा और नेबुला थैनोस की गोद ली हुई बेटियां हैं। शुरुआत में दोनों के बीच नफरत और प्रतिद्वंद्विता रहती है, क्योंकि थैनोस हमेशा उनकी तुलना करता है। हालांकि, समय के साथ दोनों अपने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे का सहारा बनना सीखती हैं।
‘द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स’ में नजर आए सू और जॉनी सगे भाई-बहन हैं। वैनेसा किर्बी और जोसेफ क्विन ने इनके किरदार निभाए हैं। सू अपनी समझदारी और जिम्मेदारी के लिए जानी जाती है, जबकि जॉनी का चुलबुला अंदाज दोनों के रिश्ते में मजेदार नोकझोंक लेकर आता है।
मार्वल की ये जोड़ियां बताती हैं कि भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ प्यार और मस्ती तक सीमित नहीं होता, बल्कि मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की ताकत भी देता है। अब दर्शकों को ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में कुछ पसंदीदा सुपरहीरोज को फिर से देखने का मौका मिलेगा। यह फिल्म 17 दिसंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।