Awarapan 2 Box Office Collection Day 3: इमरान हाशमी स्टारर एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'आवारापन 2' ने वीकेंड पर सिनेमाघरों में जबरदस्त माहौल बना दिया है। पर्दे पर दस्तक देते ही दर्शकों ने इस फिल्म को हाथों-हाथ लिया है और टिकट खिड़की पर दर्शकों की भीड़ साफ देखने को मिल रही है। पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करने वाली इस फिल्म ने तीसरे दिन यानी संडे को भी शानदार कमाई करके मेकर्स के चेहरों पर बड़ी मुस्कान ला दी है।
फिल्म ने अपने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद शनिवार यानी 15 अगस्त के मौके पर फिल्म को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का बड़ा फायदा मिला। दूसरे दिन कलेक्शन का ग्राफ सीधे ऊपर चढ़ते हुए 33.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। 2 ही दिनों में फिल्म ने अपनी मजबूत नींव रख दी थी, जिसके बाद हर किसी की नजरें संडे के कलेक्शन पर टिकी हुई थीं।
खबरों के अनुसार रिलीज के तीसरे दिन भी फिल्म की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी और रविवार को फिल्म ने 26 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। इस दिन सिनेमाघरों में दर्शकों की उपस्थिति 45 % रही और देश भर में करीब 9,403 शो चलाए गए। इस तरह भारत में फिल्म का 3 दिनों का कुल कलेक्शन 81.75 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि दुनिया भर में फिल्म 110.10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
अगर इस फिल्म के बैकग्राउंड पर नजर डालें तो यह साल 2007 में आई फिल्म 'आवारापन' की सीक्वल है। दिलचस्प बात यह है कि पहली फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी। हालांकि, बाद में इसके बेहतरीन म्यूजिक और कहानी की वजह से दर्शकों ने इसे कल्ट क्लासिक का दर्जा दिया था। अब करीब 2 दशक बाद आए इस सीक्वल को पहले ही दिन से दर्शकों का वैसा ही प्यार मिल रहा है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी।
फिल्म की कहानी एक बार फिर शिवम पंडित के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार इमरान हाशमी ने निभाया है। अपराध की दुनिया में वापसी करते हुए शिवम को प्यार, प्रायश्चित और बलिदान के मुश्किल रास्तों से गुजरना पड़ता है।
नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन में बनी और विशेष फिल्म्स द्वारा निर्मित इस थ्रिलर में इमरान हाशमी के अलावा शबाना आजमी, दिशा पटानी और पूरन गब्बी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।