मुंबई: साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनका शानदार अवॉर्ड विनिंग मोमेंट, जब उन्होंने गद्दार तेलंगाना फिल्म अवॉर्ड्स 2024 में पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड अपने नाम किया। खास बात यह रही कि अवॉर्ड लेते समय अल्लू अर्जुन ‘पुष्पराज’ के अपने मशहूर किरदार में नजर आए और मंच पर उनका वही दमदार डायलॉग सुनकर पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा।
तेलंगाना सरकार द्वारा शुरू किए गए गद्दार अवॉर्ड्स का यह पहला संस्करण था, और पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीतकर अल्लू अर्जुन ने इतिहास रच दिया। यह सम्मान उन्हें उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ में दमदार अभिनय के लिए दिया गया। फिल्म में उनके किरदार पुष्पराज ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी थी।
अवार्ड फंक्शन में अल्लू अर्जुन ने ना सिर्फ अवॉर्ड जीता, बल्कि स्टेज पर आते ही ‘रप्पा रप्पा’ स्टाइल में अपने डायलॉग के साथ ऐसा जलवा बिखेरा कि दर्शक झूम उठे। आयोजकों और फिल्म मेकर्स ने इस जीत की खुशी सोशल मीडिया पर भी मनाई और लिखा कि शानदार परफॉर्मेंस और उतना ही लायक सम्मान। पुष्पराज की गूंज अब भी जारी है।
गौरतलब है कि 'पुष्पा 2: द रूल' ने हिंदी में 800 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्डतोड़ कमाई की है। इस सफलता ने अल्लू अर्जुन को न सिर्फ पैन इंडिया स्टार, बल्कि ग्लोबल स्टारडम के स्तर पर भी स्थापित कर दिया है। हाल ही में उन्होंने नेशनल अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। अब फैंस की निगाहें अल्लू अर्जुन की अगली फिल्म पर टिकी हैं। फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि वो एक और बिग बजट एक्शन ड्रामा की तैयारी में हैं।