Kunal Kemmu Alliance Season 2 Premiere: रियलिटी शो ‘एलायंस’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो ने शो के दूसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। 'एलायंस' सीजन 2 का प्रीमियर 14 जनवरी 2027 को होगा और इसे सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा। पहले सीजन की रणनीति, बदलते गठबंधनों और माइंड गेम्स ने दर्शकों का ध्यान खींचा था।
'एलायंस' एक कॉम्पिटिटिव रियलिटी शो है, जिसे मशहूर डच रियलिटी फॉर्मेट से भारत के लिए तैयार किया गया है। इस फॉर्मेट को जॉन डी मोल ने बनाया है और भारत में इसका निर्माण बनिजय एशिया ने किया है। सीजन 1 में 16 सेलिब्रिटी ‘एलायज’ को एक रहस्यमयी एच.क्यू. में रखा गया था। यहां ‘द सिस्टम’ के निर्देशों के मुताबिक कंटेस्टेंट्स को अलग-अलग शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। खेल में गठबंधन बनाना, रणनीति तैयार करना और बदलती परिस्थितियों के बीच खुद को मजबूत बनाए रखना अहम था।
'एलायंस' की एक खासियत यह भी रही कि यह प्राइम वीडियो की दुनिया की पहली डेली रियलिटी सीरीज थी। इसके नए एपिसोड हर दिन दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाते थे। शो में माइंड गेम्स, गुप्त मिशन, बदलते गठबंधन और अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिले। अब दूसरे सीजन में मेकर्स ने गेम को और चुनौतीपूर्ण बनाने की तैयारी की है। शो में नए बदलाव, ज्यादा रणनीतिक गेमप्ले और कई नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
सीजन 1 को होस्ट करने वाले कुणाल खेमू भी दूसरे सीजन में वापसी कर रहे हैं। मेकर्स के मुताबिक, पहले सीजन में उनके अंदाज और हास्य ने शो को अलग पहचान दी थी। दूसरे सीजन में भी उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए खास होगी। प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स के डायरेक्टर और हेड निखिल माधोक ने बताया कि पहले सीजन को मिली प्रतिक्रिया के बाद मेकर्स ने दर्शकों को लंबे समय तक इंतजार नहीं कराने का फैसला किया।
निखिल माधोक के मुताबिक, नए सीजन में दांव बड़े होंगे और ‘सिस्टम’ में भी बदलाव देखने को मिलेंगे। बनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के फाउंडर एवं ग्रुप सीईओ दीपक धर ने कहा कि इस बार कंटेस्टेंट्स के फैसले और उनके बनाए रिश्ते भी खेल का अहम हिस्सा होंगे। वहीं ग्रुप चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर मृणालिनी जैन ने बताया कि शो के मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए गेम में कई नए बदलाव किए गए हैं।