

Dupahiya Season 2 Release Date: कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज 'दुपहिया' के पहले सीजन को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया के बाद अब इसका दूसरा सीजन ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। मेकर्स ने शुक्रवार को 'दुपहिया 2' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज 1 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। नए सीजन में काल्पनिक गांव धड़कपुर की कहानी आगे बढ़ेगी, लेकिन इस बार गांव पहले की तरह अपराध-मुक्त नहीं रहेगा।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर 'दुपहिया 2' का पोस्टर शेयर करते हुए रिलीज डेट की जानकारी दी। पोस्ट के साथ लिखा गया कि सुनो, सुनो, सुनो धड़कपुर अब क्राइम फ्री नहीं रहा। 'दुपहिया 2' एक अक्टूबर को रिलीज होगी। पहले सीजन में धड़कपुर गांव की मासूमियत, छोटे शहर की जिंदगी और वहां रहने वाले लोगों के बड़े सपनों को मजेदार अंदाज में दिखाया गया था। दूसरे सीजन में कहानी इसी दुनिया को आगे बढ़ाएगी, लेकिन इस बार किरदारों के सामने नई चुनौतियां और बड़ी परेशानियां होंगी।
'दुपहिया 2' में दिनेश लाल यादव यानी निरहुआ, गजराज राव और रेणुका शहाणे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इनके अलावा स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा भी सीरीज का हिस्सा हैं। सीरीज का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। शो में ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि के साथ देसी अंदाज, कॉमेडी और ड्रामा का मेल देखने को मिलेगा। नए सीजन में पहले से ज्यादा हंसी-मजाक के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी कहानी में जगह दी गई है।
क्रिएटर्स और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने कहा कि 'दुपहिया' उनके दिल के बेहद करीब की कहानी है। उन्होंने बताया कि पहले सीजन को दुनियाभर के दर्शकों से मिले प्यार के बाद टीम कहानी को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित है। दूसरे सीजन में दर्शकों को नए चैलेंज, बड़े दांव और किरदारों के बीच रिश्तों के अलग रंग देखने को मिलेंगे।
'दुपहिया 2' को बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है। सीरीज की कहानी अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने लिखी है। अब धड़कपुर की नई कहानी और नए हंगामे का इंतजार खत्म होने वाला है। 'दुपहिया 2' 1 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।