Akshay Kumar Daughter News: महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की बेटी नितारा से जुड़े साइबर हैरसमेंट केस में बड़ी कार्रवाई कई गई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी की पुष्टि विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने की है।
इसी बीच, बच्चों और युवाओं को डिजिटल खतरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुंबई के आर.डी. नेशनल कॉलेज में एक खास सेशन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्टूडेंट्स को साइबर और ऑनलाइन दुनिया में मौजूद जोखिमों जैसे फिशिंग, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया सिक्योरिटी और फाइनेंशियल फ्रॉड से बचने के तरीके समझाए गए।
इस कार्यक्रम के दौरान यशस्वी यादव ने एक चौंकाने वाला किस्सा सुनाया। उन्होंने अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की बेटी से जुड़ा एक गंभीर मामला उनके साथ साझा किया था। उन्होंने बताया कि नितारा को ऑनलाइन सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, बच्ची ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को मामला सौंपा गया और जांच शुरू की गई।
इस जागरूकता सत्र में अक्षय कुमार का एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने पूरी घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ऑनलाइन गेम खेल रही थी, जहां अनजान खिलाड़ियों के साथ बातचीत हो रही थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद एक व्यक्ति ने उससे उसकी पहचान पूछी और फिर अचानक अश्लील फोटो की मांग कर दी।
यह भी पढ़ें - Arijit Singh Singing Retirement: ‘तुम ही हो’ से मिली अरिजीत सिंह को पहचान, करियर के पीक पर लिया संन्यास
अक्षय के मुताबिक, जैसे ही उनकी बेटी को स्थिति का अंदाजा हुआ, उसने तुरंत गेम बंद किया और अपनी मां ट्विंकल खन्ना को पूरी बात बताई। इस मामले पर अक्षय कुमार ने पुलिस की मदद ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों का अपने माता-पिता से खुलकर बात करना बेहद जरूरी है, क्योंकि ऐसे मामलों की शुरुआत अक्सर इसी तरह होती है और बाद में ब्लैकमेलिंग तक पहुंच जाती है।
अभिनेता अक्षय कुमार ने यह भी कहा कि कई बार बच्चे झांसे में आकर गंभीर साइबर अपराधों का शिकार हो जाते हैं, जिसके परिणाम बेहद खतरनाक हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि स्कूल स्तर पर साइबर सुरक्षा से जुड़ी शिक्षा को अनिवार्य किया जाए, ताकि बच्चे डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सकें।