Highlights
ऐश्वर्या राय ने नौवीं क्लास में पहली बार एक टीवी कमर्शियल के लिए कैमरा फेस किया था।
साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा।
ऐश्वर्या ने 1997 में तमिल फिल्म 'इरुवर' से डेब्यू किया और इसी साल 'और प्यार हो गया' से बॉलीवुड में एंट्री की।
Aishwarya Rai Bachchan Birthday Special: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन 1 नवंबर को अपना जन्मदिन मनाती हैं। अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय के लिए दुनियाभर में पहचान बनाने वाली ऐश्वर्या ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। हालांकि, कम ही लोग जानते हैं कि ऐश्वर्या ने पहली बार कैमरे का सामना नौवीं क्लास में ही कर लिया था।
आइए, उनके जीवन और करियर से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें जानते हैं। ऐश्वर्या राय ने पहली बार नौवीं क्लास में एक टीवी कमर्शियल के लिए कैमरा फेस किया था। हालांकि, उन्हें असली लोकप्रियता आमिर खान के साथ एक कोल्ड ड्रिंक के विज्ञापन से मिली। इसके बाद वह मॉडलिंग की दुनिया में छा गईं और साल 1994 में मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया।
ऐश्वर्या राय पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं। उन्हें जूलॉजी विषय पसंद था और वह फिल्मों में आने से पहले मेडिकल की पढ़ाई करना चाहती थीं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि अभिनेत्री नहीं बनतीं तो मेडिकल के क्षेत्र में करियर बनातीं। उनका लातूर और नासिक के मेडिकल कॉलेजों में मेरिट के आधार पर चयन भी हुआ था। इसके अलावा, उन्हें आर्किटेक्चर में भी दिलचस्पी थी।
ऐश्वर्या ने साल 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसी साल उन्होंने बॉबी देओल के साथ फिल्म 'और प्यार हो गया' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद 'ताल', 'हम दिल दे चुके सनम', 'देवदास', 'जोधा अकबर' और 'उमराव जान' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय और डांस से दर्शकों का दिल जीता।
ऐश्वर्या ने कम उम्र से ही क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी। उनकी इस कला की झलक कई फिल्मों में देखने को मिली। उन्होंने हिंदी फिल्मों के अलावा अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वह 'द ओपरा विनफ्रे शो' में पहुंचने वाली पहली भारतीय सेलिब्रिटी बनीं। साल 2003 में कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री भी बनीं।
ऐश्वर्या को साल 2009 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। साल 2012 में फ्रांस सरकार ने उन्हें ऑर्ड्रे डेस आर्ट्स एट डेस लेट्रेस सम्मान दिया। साल 2005 में नीदरलैंड्स में ट्यूलिप फूल की एक किस्म का नाम भी उनके नाम पर रखा गया था। साल 2007 में अभिषेक बच्चन से शादी के बाद वह बच्चन परिवार का हिस्सा बनीं। आज ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाली अभिनेत्रियों में शामिल है।