मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक मुख्यमंत्री के नाम का चयन नहीं हो पाया है। इसके लिए पार्टी लगातार अमित शाह के साथ दिल्ली में बैठकें कर रही है, जिसमें गठबंधन में तीनों पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और एकनाथ शिंदे शामिल हुए थे।
इस बीच तीनों पार्टी के कार्यकर्ताओं को ये उम्मीद हैं कि उनके ही पार्टी का नेता महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद पर आसीन हो। इस पर तीनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने पार्टी के नेता के सीएम बनने की इच्छा जाहिर की है।
इस पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता डॉ. भागवत कराड ने दांवा किया है कि इस बार महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी का ही नेता बनेगा। उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते तक इसका फैसला सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार आनेवाली सरकार एक स्थिर सरकार होगी।
महाराष्ट्र में सीएम चेहरे पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता डॉ. भागवत कराड ने कहा, "हमेशा कहा गया है कि तीनों दलों के नेता मिलकर फैसला लेंगे। मुझे लगता है कि अगले हफ्ते तक इस पर फैसला आ जाएगा। यह एक स्थिर सरकार होगी जो जनता के लिए काम करेगी। मैं बीजेपी से हूं इसलिए मुझे लगता है कि सीएम मेरी पार्टी से होना चाहिए। ये मुझे पूरा विश्वास है।”
इस बीच महायुति गठबंधन के शिवसेना नेता शंभूराज देसाई ने कहा कि अमित शाह और महायुति के सामने शिवसेना के नेताओं ने राय रखी है। इस दौरान उन्होंने बताया कि बैठक में चुनाव जीत, सरकार कैसे बने, कौन क्या भूमिका निभाएगा, इन मुद्दों पर चर्चा हुई।
शिवसेना नेता शंभूराज देसाई ने कहा, "हमने अमित शाह समेत महायुति के वरिष्ठ नेताओं के सामने शिवसेना नेताओं की राय रखी है। महायुति के नेता महाराष्ट्र में बैठें या दिल्ली से, दिल्ली में महायुति के वरिष्ठ नेता इसका हल निकालेंगे। बैठक में चुनाव जीत, सरकार कैसे बने, कौन क्या भूमिका निभाएगा, इन मुद्दों पर चर्चा हुई। 1-2 दिन में अंतिम हल निकल आएगा।"
अब उम्मीद जताई जा रही है कि एक-दो दिन में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का चयन होगा। इसके बाद सभी को नई भूमिकाएं सौंपी जाएंगी। इस बीच विपक्ष के नेता भी महायुति की लगातार सीएम को बनाने में हो रही देरी पर तंज कस रहा है।