Prem Kumar West Bengal Election 2026: बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। प्रेम कुमार ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सुनामी चल रही है और निश्चित तौर पर कमल खिलेगा, भाजपा की सरकार बनेगी।
गयाजी में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में छह विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों का मिजाज जाना। उन्होंने जनता का स्वभाव देखते हुए कहा कि वे बदलाव चाहते हैं और भाजपा के साथ हैं। वहां भाजपा के पक्ष में सकारात्मकता की लहर है। लोग डबल इंजन की सरकार, कानून का राज, सेवा और विकास चाहते हैं।
प्रेम कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुए पहले चरण के तहत हुए मतदान में भाजपा 125 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करने का दावा कर दिया। दूसरे चरण में 142 सीटों पर भी भाजपा का दबदबा रहेगा। प्रेम कुमार ने कहा कि पीएम मोदी का विजन भारत का विकास है और बंगाल के लोग उसी राह पर चलना चाहते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि चुनाव में एक सुनामी आने वाली है और टीएमसी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। बंगाल में कमल खिलने वाला है और भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी।
यह भी पढ़ें - जनता vs ममता: भवानीपुर में नया नैरेटिव सेट! समिक भट्टाचार्य का बंगाल चुनाव पर बड़ा बयान, बोले- मजबूर कर दिया
केंद्रीय बलों को लेकर TMC नेताओं के बयान पर प्रेम कुमार ने कहा कि पहले चुनावों में टीएमसी कार्यकर्ता धमकाते थे, मारपीट करते थे, बम फेंकते थे। लोगों को मतदान करने नहीं जाने दिया जाता था।
प्रेम कुमार ने सुरक्षा के इंतजामों को देखते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने अच्छी योजना बनाई और केंद्रीय बलों की मदद से इस बार चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हो रहे हैं। हर मतदाता बिना डर के अपना वोट डाल रहा है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। तृणमूल कांग्रेस को लगता है कि निष्पक्ष चुनाव हुए तो उनकी हार तय है, इसलिए वे केंद्रीय बलों को निशाना बना रहे हैं। वहां पर एसआईआर के जरिए बड़ी संख्या में फर्जी वोटरों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाया गया है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)