

IPS Ajay Pal Sharma Warns Jahangir Khan TMC: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच एक बड़ा विवाद सामने आ गया है। फलता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को लेकर विवाद ने सनसनी मचा दी है। उत्तर प्रदेश के फेमस एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा ने जहांगीर खान को कड़ी चेतावनी दी है।
अधिकारी ने जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लोगों को धमकाने की शिकायत दोबारा मिली, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा ने कहा, 'जहांगीर को बता देना, लोगों को धमकाया तो कायदे से खबर लेंगे।'
मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कारण आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा चुनावी ड्यूटी के लिए बंगाल में तैनात है। पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोग शिकायत कर रहे थे कि फलता विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान वोटर्स को लगातार धमका रहे हैं।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन उन्हें वहां जहांगीर खान नहीं मिला। स्थानीय लोगों और यहां तक कि स्थानीय पुलिस से भी जब उसके घर का पता पूछा गया तो किसी ने सही जानकारी नहीं दी। इस कारण तलाशी अभियान के दौरान भी पुलिस को जहांगीर का घर नहीं मिल पाया।
जब टीम जहांगीर खान के घर पहुंची तो देखा कि वहां पहले से ही पश्चिम बंगाल पुलिस के 14 जवान सुरक्षा में तैनात थे। इस पर आईपीएस अजय पाल शर्मा ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से सवाल-जवाब किया। इस पर एसपी ने बताया कि जहांगीर खान को Y-श्रेणी की सुरक्षा दी गई है और उनकी सुरक्षा के लिए 10 पुलिसकर्मी निर्धारित हैं।
इस पर अजय पाल शर्मा ने सवाल उठाते हुए स्थानीय एसपी को नोटिस जारी किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मौके पर 14 जवान कैसे तैनात थे। आखिर जहांगीर खान की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 4 पुलिसकर्मी किस आधार पर लगाए गए थे।
आईपीएस अधिकारी यही नहीं रूके, उन्होंने इसके साथ ही जहांगीर खान के भतीजे और उसके रिश्तेदारों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी मतदाता को धमकाने या चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप की शिकायत मिली, तो उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब चुनावी निष्पक्षता और प्रशासनिक जवाबदेही और सुरक्षा के लिहाज से अहम मुद्दा बन गया है।