Keralam Assembly Election Results Latest Update: केरलम की 140 सीटों पर विधानसभा के लिए हो रही मतगणना के रुझानों ने राज्य की सत्ता में बड़े बदलाव के संकेत दिख रहे हैं। आ रहे ताजा आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है जबकि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली सरकार (LDF) पर सत्ता से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
रुझानों में सबसे चौंकाने वाली खबर मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र से है। मतगणना के तीसरे राउंड के अंत तक खुद मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपनी पारंपरिक धर्मदम सीट से पीछे चल रहे हैं। सत्ताधारी गठबंधन के लिए झटका यहीं खत्म नहीं होता। कैबिनेट के 21 में से 15 मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्रों में पीछे चल रहे हैं। यहां तक कि पार्टी का गढ़ माने जाने वाले कन्नूर में भी इस बार मुकाबला बेहद कड़ा बना हुआ है।
ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री पिनाराई को पहले से ही अंदेशा लग गया था कि इस चुनाव में वो रिजल्ट उनके लिए अच्छा नहीं होगा। इसलिए वो विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले ही रविवार को अपने सोशल मीडिया बायो से मुख्यमंत्री का टैग हटा लिया था।
बहुमत के आंकड़े से काफी आगे यूडीएफ पिछली बार के चुनाव में जहां एलडीएफ ने 98 सीटें जीतकर दबदबा बनाया था, वहीं इस बार पासा पूरी तरह पलटता दिख रहा है। अभी तक के रुझानों के अनुसार:
यूडीएफ (UDF): 99 सीटों पर बढ़त (बहुमत के आंकड़े से काफी ज्यादा)।
एलडीएफ (LDF): 40 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है।
एनडीए (NDA): 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
विपक्ष के नेता वीडी सतीशन, जो शुरुआती राउंड में पीछे चल रहे थे, अब अपनी बढ़त बनाने में सफल रहे हैं।
https://www.youtube.com/watch?v=qAqDJepEeYc
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यही रुझान जारी रहा तो यूडीएफ 100 सीटों का आंकड़ा भी पार कर सकता है, जो केरलम की राजनीति में एक ऐतिहासिक जीत होगी। हालांकि, कई सीटों पर एलडीएफ की बढ़त का अंतर बहुत कम है। जिससे आने वाले राउंड में तस्वीर में आंशिक बदलाव की संभावना बनी हुई है। कड़ी सुरक्षा के बीच जारी यह मतगणना अब साफ संकेत दे रही है कि केरलम की जनता इस बार सत्ता परिवर्तन के मूड में है।