PM Narendra Modi in Semicon India 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में यशोभूमि में सेमीकॉनइंडिया 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत में मौजूद नए अवसर और 7.8 जीडीपी ग्रोथ पर बात की। उन्होंने युवाओं को भारत का पिलर बताया।
PM नरेंद्र मोदी ने कहा SEMICON इंडिया के पांचवें संस्करण में सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया। विदेश से आए मेहमानों का भारत में विशेष स्वागत किया। साथ ही विश्वकर्मा जयंती पर सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी।
PM नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, "एक तरफ हमारी सदियों पुरानी निर्माण की परंपरा है और दूसरी तरफ 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी और विजन है। यही 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के लिए हमारी प्रेरणा भी है। 'विकसित भारत' बनाने के लिए हर नागरिक पूरी निष्ठा और लगन से काम कर रहा है।"
दिल्ली में पीएम मोदी बोले, कि "अगर हम सिर्फ पिछले 15 दिनों पर नजर डालें तो पिछले 15 दिनों में कोई भी समझ सकता है कि भारत विकास की दिशा में और कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी सितंबर महीने में, ठीक 10 दिन पहले, मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' आयोजित हुआ था। उस कार्यक्रम में एजेंटिक AI, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी से चलने वाले समावेशी फाइनेंस पर चर्चा हुई।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की जीडीपी ग्रोथ पर कहा, "इसी सितंबर में, भारत की तिमाही GDP रिपोर्ट जारी हुई। और इस मुश्किल दौर में भी, भारत ने 7.8% की ग्रोथ रेट हासिल करके दिखाई है। और इसी समय, जापान की एक क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को अपग्रेड किया। ऐसा भी तीन दशक यानी लगभग 35 साल बाद हुआ है। इसका मतलब है कि एक तरफ भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, और दूसरी तरफ दुनिया का भारत पर भरोसा और विश्वास भी लगातार बढ़ रहा है।"
सेमीकॉन इंडिया में पीएम मोदी बोले, "दोस्तों, इस भरोसे का एक और बड़ा सबूत तीन दिन पहले खत्म हुए ब्रिक्स (BRICS) समिट में देखने को मिला। भारत ने इस समिट की सफल मेजबानी की। सर्वसम्मति से 'नई दिल्ली घोषणापत्र' को अपनाना, दुनिया के भारत पर भरोसे का एक और बड़ा सबूत है।"
सेमीकॉन इंडिया 2026 के उद्धाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत ने अपने सेमीकंडक्टर मिशन का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। जहां पहले चरण की कीमत लगभग 8 अरब डॉलर थी, वहीं दूसरे चरण के लिए हमने 13.5 अरब डॉलर का लक्ष्य रखा है। 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर आगे बढ़ते हुए, हमने इस सेक्टर में और भी सुधार किए हैं। अब, अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हमारे स्टार्टअप्स, भारतीय डिजाइन फर्मों और OCI के स्वामित्व वाली संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर सकती हैं। चाहे बात पॉलिसी, फंडिंग या रेगुलेटरी फ्रेमवर्क की हो, भारत सरकार आपके प्रोजेक्ट्स की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।
आपको जानकारी दें, कि यह इवेंट दुनिया भर के सेमीकंडक्टर बनाने वाली कंपनियों, नीति बनाने वालों, निवेशकों, उत्पादकों और शिक्षाविदों को एक साथ लाएगा, ताकि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन में भारत की क्षमता को दिखाया जा सके।
यह तीन दिन का इवेंट है, जो गुरुवार से शुरू होकर 19 सितंबर (शनिवार) तक चलेगा। इसे 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' (ISM), 'इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय' (MeitY) और 'SEMI' मिलकर आयोजित कर रहे हैं। SEMI एक ग्लोबल एसोसिएशन है जो सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स डिज़ाइन और मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करता है।