दिल्ली के राजा गार्डन में आग (Image- Social Media) 
दिल्ली

दिल्ली के राजा गार्डन में आग से चीख-पुकार, 4 लोगों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

Delhi Fire: पश्चिम दिल्ली के राजा गार्डन में सोमवार दोपहर इलेक्ट्रॉनिक्स की इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में दो युवतियों समेत चार लोगों की मौत हो गई।

अर्पित शुक्ला

Delhi Fire News: दिल्ली के वेस्ट जिले के राजा गार्डन इलाके में एक नामी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसमें चार कर्मचारियों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटनास्थल मोती नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बताया जा रहा है कि आग दोपहर करीब 3 बजे शोरूम की पहली मंजिल पर लगी, जो तेजी से दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई। घटना के समय शोरूम की तीसरी मंजिल पर पांच कर्मचारी दोपहर का खाना खा रहे थे।

चार लोगों की मौत

उन्होंने आग लगने के बाद छत की ओर भागकर बचने की कोशिश की, लेकिन रास्ता बंद और सामान से भरा हुआ था। इस कारण वे फंस गए और धुएं व आग की चपेट में आकर दम घुटने से उनकी मौत हो गई। संदीप (23) नामक एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान अमनदीप कौर (21), आयुषी (23), पायल (20), और रवि (28) के रूप में हुई है।

छत से निकलने का कोई रास्ता नहीं

मृतक अमनदीप कौर की मां ने मीडिया से बात करते हुए बताया, "अमनदीप ने मुझे पहले भी बताया था कि ऊपर खाना खाने जाते हैं, लेकिन अगर कोई हादसा हो जाए तो छत से निकलने का कोई रास्ता नहीं है। हादसे की जानकारी मुझे शाम करीब 5 बजे मिली, तो मैं तुरंत गुरु गोविंद सिंह हॉस्पिटल पहुंची। वह शोरूम में कैशियर के रूप में काम करती थी और बिल भी बनाती थी।" घायल संदीप ने परिजनों को बताया कि उसने एक लड़की को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन ऊपर सामान होने की वजह से वह सफल नहीं हो पाया और खुद सीढ़ियों से फिसलकर नीचे गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई।

आग के कारणों का अभी पता नहीं

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की लगभग छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। डीसीपी पश्चिमी जिला विचित्र वीर के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों ने घटना के लिए शोरूम मालिक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और ऊपर की मंजिलों पर सामान भरा पड़ा था, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद था। (एजेंसी इनपुट के साथ)

राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलका युवाओं का दर्द, पुलिस कार्रवाई पर जवाबदेही की मांग

BJP ने खुद साबित की अपनी तानाशाही... मल्लिकार्जुन खरगे ने लगाए आरोप, कांग्रेस ने पूछे 3 बड़े सवाल

टाइम मैगजीन में जगह मिली, मार्टिन लूथर किंग जूनियर की वो कहानी जो सबसे कम उम्र में नोबेल शांति पुरस्कार दिलाई

पहली बार CJP के समर्थन में आए राहुल गांधी, सौरव-आशुतोष को तिहाड़ भेजने पर जताई नाराजगी, बोले- यह कायरता है

फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट जयपुर डायवर्ट, हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप, पायलट ने भेजा Squawk 7500 सिग्नल