नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर पर शनिवार देर रात मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। आसमान से गड़गड़ाहट के साथ पानी बरस रहा था और ज़मीन पर तेज़ तूफानी हवाओं ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। दिल्लीवालों को जैसी राहत की आस थी, वो बारिश राहत कम और आफत ज्यादा बन गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही अलर्ट जारी किया था और वो चेतावनी सच साबित हुई।
तेज़ बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में हालात बिगड़ गए। दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज, आईटीओ, मिंटो ब्रिज, कनॉट प्लेस तथा हुमायूं रोड जैसे स्थान भी जलमग्न हो गए। मिंटो ब्रिज के नीचे तो पानी में आधी डूबी कार की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। कई जगहों पर ट्रैफिक घंटों तक जाम रहा, जिससे ऑफिस और हवाई यात्रा करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने आज देश के 21 राज्यों में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड में ओलावृष्टि और राजस्थान में धूल भरी आंधी और लू चलने की चेतावनी है। देश में कल मानसून ने दस्तक दे दी है। यह अपने तय समय से 8 दिन पहले ही केरल पहुंच गया है। वहीं, आज से नौतपा भी शुरू हो रहा है, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान भीषण गर्मी पड़ती है।