Arvind Kejriwal AAP National Convenor: आम आदमी पार्टी (AAP) की 15वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुधवार को हुई। बैठक में अरविंद केजरीवाल को सर्वसम्मति से एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। बैठक में राष्ट्रीय परिषद के 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया। केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और आने वाले चुनावों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी की नई 23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। अरविंद केजरीवाल, आतिशी मार्लेना, आदिल अहमद खान, अनुराग ढांडा, भगवंत मान, दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, गोपाल इटालिया और गोपाल राय समेत कई नेताओं को नई टीम में शामिल किया गया है।
पार्टी संगठन में प्रमुख जिम्मेदारियों को भी तय किया गया है। पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव चुना गया है। वहीं एनडी गुप्ता पहले की तरह राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मनीष सिसोदिया, मोहम्मद इरशाद, प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी और राखी बिड़ला समेत अन्य नेता भी शामिल हैं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अलावा पार्टी ने पांच विशेष आमंत्रित सदस्यों का भी चयन किया है। इनमें अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेहराज मलिक और वेंजी वीगास शामिल हैं। इसके साथ ही सत्येंद्र जैन, शैली ओबेरॉय, संजय सिंह, विभव और राजबीर को भी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। पार्टी ने इस टीम के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां तय की हैं।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक को पार्टी के संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के साथ पार्टी ने नेतृत्व और जिम्मेदारियों की तस्वीर साफ कर दी है। बैठक में अरविंद केजरीवाल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यों को पार्टी की भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी दी और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
नेतृत्व और संगठन की नई टीम तय होने के बाद आम आदमी पार्टी अब आगामी चुनावों की तैयारियों पर ज्यादा ध्यान दे सकती है। पंजाब समेत दूसरे राज्यों में पार्टी के सामने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की चुनौती होगी। केजरीवाल के नेतृत्व में नई टीम को चुनावी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने और पार्टी के विस्तार पर काम करना होगा।