अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश सोर्स-सोशल मीडिया
दिल्ली

अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश, दिल्ली पुलिस ने 14 साल के किशोर को पकड़ा

Agniveer Data Leak Case: दिल्ली पुलिस ने अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश के आरोप में 14 साल के किशोर को पकड़ा है। आरोपी के डिजिटल डिवाइस से डेटा बरामद हुआ है।

करुणा नंद शाहवाल

Highlights:

  • अग्निवीरों का डेटा डार्क वेब पर बेचने की कोशिश के आरोप में 14 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया।

  • ऑनलाइन विज्ञापन में करीब 4 हजार अग्निवीरों का डेटा होने का दावा कर 500 डॉलर मांगे गए थे।

  • दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने डिजिटल डिवाइस से डेटा बरामद कर गृह मंत्रालय से रिकॉर्ड मांगा है।

Delhi Police Agniveer Data Theft Case: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अग्निवीरों की निजी जानकारी से जुड़े कथित डेटा लीक मामले में हरियाणा के बल्लभगढ़ से 14 वर्षीय किशोर को पकड़ा है। आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक वेबसाइट से अग्निवीरों का डेटा हासिल किया और उसे डार्क वेब पर बेचने की कोशिश की।

ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए उसने करीब 4 हजार अग्निवीरों की जानकारी होने का दावा किया था। इसके बदले 500 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 46 हजार रुपये मांगे गए थे। दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने किशोर के डिजिटल डिवाइस से संबंधित डेटा बरामद किया है। अब पुलिस इस जानकारी का गृह मंत्रालय से मिलने वाले रिकॉर्ड के साथ मिलान करेगी।

14 साल के किशोर पर डेटा चोरी का आरोप

जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया किशोर हरियाणा के बल्लभगढ़ का रहने वाला है। उस पर आरोप है कि उसने पूर्व अग्निवीरों के पंजीकरण और सरकारी विभागों में नौकरी के अवसर तलाशने वाले लोगों के लिए बनाई गई एक वेबसाइट को निशाना बनाया था। इसी वेबसाइट से अग्निवीरों से संबंधित जानकारी हासिल किए जाने की आशंका है।

AI की मदद से डेटा निकालने का दावा

दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर डेटा हासिल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद किशोर ने डार्क वेब पर एक विज्ञापन पोस्ट किया। इसमें उसने करीब 4 हजार अग्निवीरों का डेटा उपलब्ध होने की बात कही और इसे बेचने के लिए 500 डॉलर की कीमत मांगी। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 46 हजार रुपये होती है।

डिजिटल डिवाइस से पुलिस ने बरामद किया डेटा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने किशोर के डिजिटल उपकरणों की जांच के दौरान संबंधित डेटा बरामद किया है। पुलिस ने अग्निवीरों के आधिकारिक रिकॉर्ड और बरामद जानकारी का मिलान कराने के लिए गृह मंत्रालय को भी पत्र भेजा है।

जांच एजेंसी अब यह पता लगाएगी कि डिवाइस से मिला डेटा सरकारी रिकॉर्ड से मेल खाता है या नहीं। इसके साथ ही डेटा की मात्रा, उसकी संवेदनशीलता और वेबसाइट से जानकारी हासिल करने के तरीके की भी जांच की जाएगी।

पूछताछ के बाद किशोर को छोड़ा

पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जांच से जुड़े विवरण के अनुसार, इसके बाद उसे छोड़ दिया गया है। मामले में बरामद डिजिटल डेटा और गृह मंत्रालय से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

क्या होता है डार्क वेब?

बता दें कि डार्क वेब इंटरनेट का एक ऐसा हिस्सा, जिसे सामान्य सर्च इंजन पर सीधे नहीं खोजा जा सकता, डार्क वेब कहलाता है। इसे एक्सेस करने के लिए विशेष ब्राउजर या सॉफ्टवेयर की जरूरत होती है।

इतना ही नहीं इसका इस्तेमाल गोपनीय संचार और निजता बनाए रखने जैसे वैध कामों में भी होता है, लेकिन इसकी गुमनामी का फायदा उठाकर कई बार चोरी किए गए डेटा और प्रतिबंधित सामग्री की खरीद-बिक्री भी की जाती है। डार्क वेब पर गतिविधियों को ट्रैक करना सामान्य इंटरनेट की तुलना में कठिन हो सकता है।

चचेरे-ममेरे भाई-बहन की शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का एक और पड़ाव पार! 50 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ी बिजली, यात्रियों के लिए खुशखबरी

बिहार की मिट्टी को नमन, छठ से नीतीश कुमार के सुशासन तक; वैशाली में पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें

UPI लेनदेन में महाराष्ट्र का दबदबा: 2.94 लाख करोड़ के ट्रांजेक्शन के साथ नंबर-1; जानें अन्य राज्यों का हाल

अनन्या बिड़ला vs काव्या मारन: नेट वर्थ, बिजनेस, उम्र और IPL (RCB vs SRH) में किसका जलवा?