शव की तलाश में जुटी पुलिस (सोर्स-सोशल मीडिया) 
क्राइम

पति ने पार की वहशीपन की हदें, पत्नी की हत्या कर शव के साथ किया ये काम, पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस पूछताछ में सैफुद्दीन ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार रहती थी। वह आए दिन झगड़ा करती थी। इसी कारण उसने पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के टुकड़े कर दिए।

अभिषेक सिंह

श्रावस्ती: यूपी के श्रावस्ती से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पति ने न सिर्फ अपनी पत्नी की हत्या की बल्कि धारदार हथियार से शव के टुकड़े-टुकड़े कर उसे एक बगीचे में जला दिया। जब शव के कुछ टुकड़े पूरी तरह से जल नहीं पाए तो उन्हें गड्ढे में दबा दिया। आरोपी पति को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी आए दिन झगड़ा करती थी। इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी। उसने शव के कुछ टुकड़े मछलियों को भी खिला दिए हैं। पुलिस को बगीचे से एक अधजला हाथ भी मिला है। जिसे फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला 13 मई से लापता थी।

यहां से समझिए पूरी कहानी

हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के मनवरिया गांव निवासी दूबर की बेटी सकीना उर्फ ​​मुकीना (27 वर्ष) की शादी चार साल पहले 2021 में जब्दी निवासी सैफुद्दीन से हुई थी। शादी के एक साल बाद तक सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों पर कहासुनी होने लगी और फिर मारपीट मारपीट तक पहुंच गई।

कैसे हुआ घटना का खुलासा

13 मई को सकीना संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 14 मई को सैफुद्दीन भी गायब हो गया। 15 मई को सैफुद्दीन के बड़े भाई कय्यूम को शक हुआ। उसने सैफुद्दीन को फोन कर सकीना के बारे में पूछा। सैफुद्दीन ने बहाना बनाते हुए कहा, सकीना मेरे पास है। हम दोनों इलाज के लिए लखनऊ आए हैं। लेकिन गुरुवार रात जब सैफुद्दीन अकेले घर लौटा तो बड़े भाई का शक और पुख्ता हो गया। इसके बाद बड़े भाई कय्यूम ने पुलिस को सूचना दी। सैफुद्दीन चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। सभी भाई अलग-अलग रहते हैं। सैफुद्दीन के कोई संतान नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सैफुद्दीन को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

'झगड़ा करती थी इसलिए मार दिया'

पुलिस पूछताछ में सैफुद्दीन ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार रहती थी। वह आए दिन झगड़ा करती थी। इसी कारण उसने पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के टुकड़े कर दिए। फिर टुकड़ों को जलाकर बोरे में भरकर सरयू नहर में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस सरयू नहर पर पहुंची। शव की तलाश शुरू की। लेकिन शव नहीं मिला।

मछलियों को खिलाए शव के टुकड़े

इसके बाद दोबारा सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि शव के कुछ टुकड़े मैंने मछलियों को खिला दिए। बाकी को जलाकर गड्ढे में दबा दिया है। ग्रामीणों के अनुसार सैफुद्दीन नशे की गोलियां खाता है। वह लगातार नशे में रहता है। नशे की हालत में होने के कारण पुलिस उसकी बातों पर पूरी तरह विश्वास नहीं कर पा रही थी।

गड्ढे से मिला अधजला हाथ

एसपी घनश्याम चौरसिया, एएसपी प्रवीण कुमार यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निशानदेही के लिए आरोपी को भी ले गए तो बोरिंग के गड्ढे से मृतका का अधजला हाथ बरामद हुआ है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए।

भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मृतका सकीना के भाई ने बताया कि सैफुद्दीन दहेज की मांग कर रहा था। इसी कारण वह आए दिन मारपीट करता था। मेरी बहन ने कई बार बताया था। कई बार समझौता भी कराया गया। लेकिन वह नहीं मान रहा था। वह लगातार दहेज की मांग कर रहा था।

एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर शव के अंग बरामद कर लिए गए हैं। मृतका के भाई ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया था। पहले से दर्ज गुमशुदगी के मामले में धारा बढ़ा दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

JPSC Exam Scam: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षा धांधली की ED जांच शुरू, मनी ट्रेल खंगालने रांची पहुंची 5 सदस्यीय टीम

अवैध बांग्लादेशियों पर कसा शिकंजा, बेंगलुरु पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; 100 से अधिक विदेशियों की हुई पहचान

आज की ताजा खबर 10 अगस्त LIVE: रांची में पुलिस के सामने राष्ट्रगान गाने लगे छात्र; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

SBI Vacancy 2026: ग्रेजुएट युवाओं के लिए SBI में नौकरी का मौका, 1,538 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता व सैलरी

जरा याद करो कुर्बानी: नंदुरबार के 16 साल के शेर का जिगरा देख कांप उठे थे अंग्रेज, सीने पर खाईं थी 4 गोलियां