HIGHLIGHTS
15 जान लेने वाले हाथी को लगेगा सैटेलाइट रेडियो कॉलर
सरगुजा में दहशत फैलाने वाले कबरा कान हाथी पर शिकंजा
उदयपुर जंगल पहुंचा हाथी, ड्रोन से हो रही लगातार निगरानी
कबरा कान हाथी से सावधान, मंत्री राजेश अग्रवाल की अपील
मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए वन विभाग का बड़ा फैसला
Surguja Elephant Attack : सरगुजा संभाग में दहशत फैलाने वाले कबरा कान हाथी पर अब लगाम लगेगी। वन विभाग ने हाथी को ट्रैंकुलाइज कर सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दी है। यह हाथी पिछले छह महीने में 15 लोगों की जान ले चुका है। हाथी के उदयपुर जंगल में पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो जारी कर लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है।
प्रधान मुख्य वन्यजीव वार्डन (PCCF Wildlife) ने हाथी को बेहोश करने की अनुमति दे दी है। ट्रैंकुलाइज करने के बाद हाथी के गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। इससे हाथी की लोकेशन और हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी। सूरजपुर और बलरामपुर वनमंडल को इस अभियान की संयुक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन विभाग की टीम ने हाथी को पकड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इस मिशन में वन्यजीव विशेषज्ञों और प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की मदद ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर अभियान में प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को भी उतारा जा सकता है। रेडियो कॉलर लगने के बाद हर 15 दिन में शासन को रिपोर्ट भेजनी होगी।
यह हाथी आज सुबह सूरजपुर जिले से निकलकर सरगुजा के उदयपुर जंगल पहुंच गया है। उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में डर है। वन विभाग की टीम ने आज से ही अपना अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल ड्रोन कैमरे की मदद से हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसकी कुछ ताजा तस्वीरें भी सामने आई हैं।
क्षेत्र में बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल आगे आए हैं। वे अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर आम लोगों से हाथी से दूरी बनाने को कहा है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और सुरक्षित रहने की अपील की है।
इस मामले में वन मंडलाधिकारी (DFO) लोखनाथ पटेल भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि रेडियो कॉलर लगने के बाद निगरानी कितनी असरदार साबित होती है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस कदम से क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष पर नियंत्रण लगेगा।
Story by - Sanjay Rajak