

HIGHLIGHTS
कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया
बिलासपुर में रिश्तों का कत्ल, पिता पर जानलेवा हमला
बेटी के साथ रहने से नाराज बेटे की खौफनाक करतूत
लोहे के हथियार से वार कर पिता को लगाई आग
बिलासपुर में सनसनीखेज वारदात, गंभीर हालत में बुजुर्ग भर्ती
Bilaspur Son Attacks 76 Year Old Father : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को जलाने की कोशिश की। आरोपी ने पहले लोहे के हथियार से पिता पर जानलेवा हमला किया। इसके बाद उसने शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को बेटी ने अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी बेटा मौके से फरार है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट घर में अकेले रहते थे। उनकी उम्र 76 वर्ष है। अधिक उम्र होने के कारण उन्हें खेती और रोजमर्रा के कामों में दिक्कत होती थी।
अपनी देखभाल और खेती का काम संभालने के लिए उन्होंने बेटी को साथ रखा था। उनकी बेटी दुरपति बाई अपने परिवार के साथ पिता के घर पर ही रह रही थी।
आरोप है कि बुधवार को उनका बेटा आशाराम केंवट ग्राम सेलर पहुंचा। वह सीपत क्षेत्र के ग्राम बरेली का रहने वाला है। आशाराम अपने साथ लोहे का हथियार और पेट्रोल लेकर पिता के घर आया था।
घर पहुंचने पर किसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर आशाराम ने लोहे के हथियार से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने बुजुर्ग पिता के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पिता को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी बेटा मौके से भाग निकला। पिता को आग की लपटों में घिरा देख बेटी दुरपति बाई तुरंत मदद के लिए दौड़ी। उन्होंने एंबुलेंस बुलाकर घायल पिता को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में बुजुर्ग का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, बुजुर्ग की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
इस घटना की सूचना सीपत थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस जानलेवा हमले के पीछे की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस फरार आरोपी आशाराम केंवट की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।