भालुओं के दस्तक से लोगों के बीच दहशत का माहौल।
वीडियो में घर में रखे बर्तनों को खंगालते नजर आए तीनों भालु।
गनीमत रहा कि भालुओं ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।
भोजन की तलाश में भालू दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों में कर सकते हैं का रुख।
Chhattisgarh Bear Viral Video: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर इलाके में उस वक्त लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया जब खाने की तलाश में तीन भालू एक रिहायशी इलाके में पहुंच गए। भालुओं ने एक घर के अंदर घुसकर खाने की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान वे घर में रखे बर्तनों को खंगालते नजर आए। तीनों भालू काफी देर तक घर के आसपास और भीतर खाने की तलाश करते रहे। उनकी यह पूरी गतिविधि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि तीनों भालू अचानक रिहायशी इलाके में पहुंचे और बिना किसी डर के घर के अंदर दाखिल हो गए। घर में बर्तनों के बीच खाना तलाशते भालुओं को देखकर लोगों के होश उड़ गए। भालुओं की मौजूदगी का पता चलते ही घर के लोग घबराकर अंदर चले गए और खुद को सुरक्षित करने में जुट गए। गनीमत रही कि इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। रिहायशी इलाके में एक साथ तीन भालुओं के पहुंचने से स्थानीय लोगों में डर बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि भोजन की तलाश में भालू दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों का रुख कर सकते हैं।
गौरतलब है कि जंगल से लगे इलाकों में भोजन की तलाश में जंगली जानवरों का रिहायशी बस्तियों तक पहुंचना लोगों की सुरक्षा के लिए चुनौती बनता जा रहा है। जनकपुर की इस घटना ने एक बार फिर इंसानों और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की स्थिति को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।