रायपुर के एप्पल स्टोर से 2 करोड़ के आईफोन चोरी का खुलासा।
अंतरराज्यीय कंजर गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने चोरी के 132 आईफोन किए बरामद।
1000 से ज्यादा CCTV फुटेज और 10 लाख मोबाइल नंबर खंगाले।
गिरोह के सरगना पर 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज।
Raipur Apple Store Theft : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 132 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात का खुलासा पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया। मामले में गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 31 अक्टूबर की आधी रात के बाद चोरों ने तेलीबांधा स्थित एप्पल स्टोर को निशाना बनाया था। आरोपी दुकान में रखे बड़ी संख्या में आईफोन लेकर फरार हो गए थे। वारदात के दौरान उन्होंने स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया, ताकि पुलिस को सीधे दुकान के फुटेज न मिल सकें।
मामले की जांच के लिए करीब 40 सदस्यीय पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 250 किलोमीटर के दायरे में लगे 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। इसके अलावा 1100 से ज्यादा सेल आईडी टावर और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों के डेटा की जांच की गई।
दूर लगे एक कैमरे के धुंधले फुटेज में पुलिस को दोपहिया वाहन पर तीन संदिग्ध दिखाई दिए। फुटेज के मुताबिक संदिग्ध रात 2 बजकर 37 मिनट पर घटनास्थल के पास पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2 बजकर 45 मिनट पर वहां से निकल गए। पुलिस ने इसी सुराग को जांच का आधार बनाया और आरोपियों की तलाश में कई राज्यों तक अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस टीम महाराष्ट्र के मौधा पहुंची। वहां कोल्हान नदी के किनारे कुछ दिन पहले एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी मिली थी। बाइक के इंजन और चेसिस नंबर को मिटाने की कोशिश की गई थी। जांच में यह मोटरसाइकिल रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए गिरोह के सदस्यों की पहचान की।
पुलिस कमिश्नर के अनुसार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में लगातार सक्रिय रहीं। इस दौरान अंतरराज्यीय कंजर गैंग के चार सदस्यों की पहचान हुई, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 132 आईफोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह का सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि उसने अपने बेटे और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं सफान खान पर चोरी के मोबाइल खपाने की जिम्मेदारी होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि उसे विदेश भागने से पहले पकड़ लिया गया।
फिलहाल गिरोह के दो अन्य आरोपी राज झाला और राजेश लोधी दोनों निवासी देवास (मध्यप्रदेश) फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद करीब 2 करोड़ रुपये की आईफोन चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हालांकि चोरी गए सभी मोबाइल की बरामदगी और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।