सी.बी.आई. का छापा सोर्स - सोशल मीडिया
रायपुर

सौरभ चंद्राकर के खुलासे के बाद छतीसगढ़ समेत 6 राज्यों में 33 जगह CBI की रेड, लाइव सट्टेबाजी पैनल किए गए बंद

Mahadev Satta Case : महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद CBI ने छह राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी कर लाइव पैनल बंद किए।

ऐश्वर्या द्विवेदी

HIGHLIGHTS

  • सौरभ चंद्राकर के खुलासे के बाद सीबीआई ने की बड़ी छापेमारी।

  • महादेव सट्टा एप मामले में छह राज्यों के पैनल ध्वस्त हुए।

  • ओमान से लौटे सट्टा किंग ने उगले कई बड़े गहरे राज।

  • हवाला और फर्जी बैंक खातों से चलता था सट्टेबाजी का खेल।

  • सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ जांच एजेंसी ने तेज किया अपना शिकंजा।

CBI Raids Hawala Network : महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ अब रंग लाने लगी है। ओमान से भारत लाए जाने के बाद जांच एजेंसी लगातार उससे सवाल पूछ रही है। उसकी निशानदेही पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे।

छापे में मिले हवाला के सबूत

सीबीआई ने बताया कि यह छापेमारी सट्टा एप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर हुई। इस दौरान कई जगहों पर लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल चलते हुए पकड़े गए। टीम ने इन सभी अवैध पैनलों को तुरंत बंद करवा दिया।

तलाशी के दौरान टीम को भारी मात्रा में डिजिटल डिवाइस और मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा ऐसे अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं, जो पूरे खेल को उजागर करते हैं। इन कागजों से पता चला कि म्यूल अकाउंट्स यानी दूसरों के नाम पर खुले खातों का इस्तेमाल होता था। सट्टे की रकम को ठिकाने लगाने के लिए हवाला नेटवर्क की मदद ली जा रही थी।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था। इसके बाद एक नवंबर को जांच एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए उसे 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा था।

पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद 12 नवंबर को उसे फिर कोर्ट में लाया गया। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (सीबीआई मामले) ने उसकी हिरासत बढ़ा दी। अब सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

कैसे काम करता था यह नेटवर्क

पूछताछ के दौरान सौरभ ने जांच टीम के सामने कई बड़े खुलासे किए। उसने बताया कि यह सट्टा प्लेटफॉर्म असल में कैसे काम करता है। उसने भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के पूरे नेटवर्क की जानकारी भी दी है। एजेंसी ने जब्त किए गए डिजिटल सबूतों को सामने रखकर उससे कड़े सवाल पूछे।

विदेश से चलता था मुख्य दफ्तर

छत्तीसगढ़ सरकार से केस मिलने के बाद एजेंसी ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि इसका मुख्य दफ्तर विदेश में है। वहीं से बैठकर भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा जाल चलाया जा रहा था।

भारत में बैठे ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाने और संभालने का काम करते थे। सट्टेबाजी का सारा पैसा किराए पर लिए गए या फर्जी बैंक खातों में जमा होता था। बाद में इस काली कमाई को हवाला के जरिए विदेश भेज दिया जाता था।

अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा

जांच एजेंस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही है। इसमें विदेश में छिपे मुख्य आरोपी और उनकी मदद करने वाले लोग शामिल हैं। इसके अलावा कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत की भी गहन जांच की जा रही है। विदेश में फरार चल रहे बाकी आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है।

INS Betwa: 22 साल पुराने युद्धपोत की क्या है खासियत? भाप से चलता था इंजन, अब मिलेगी डीजल की ताकत

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत