गोबरा नवापारा नगर पालिका सोर्स— नवभारत लाइव
रायपुर

गोबरा नवापारा में करोड़ों के विकास कार्य बने सफेद हाथी, जिम से ई-लाइब्रेरी तक सब पर ताला

Gobra Nawapara Development : नगर पालिका में विकास के नाम पर निर्माण तो खूब हुए, लेकिन जनता को सुविधा देने की सुध नहीं, युवाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों के लिए बनी योजनाएं बदहाली की भेंट चढ़ीं।

रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • करोड़ों खर्च के बाद भी सुविधाएं बंद।

  • जिम और बैडमिंटन कोर्ट पर लगा ताला।

  • ई-लाइब्रेरी और सियान सदन भी बंद।

  • संचालन नहीं होने से जनता परेशान।

  • नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठा सवाल।

Gobra Nawapara Municipality : नगर में विकास के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर जिम, बैडमिंटन कोर्ट, ई-लाइब्रेरी और सियान सदन जैसी सुविधाएं तो तैयार कर दी गईं, लेकिन इनका संचालन शुरू नहीं हो सका। युवाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से बनाए गए ये भवन आज बंद पड़े हैं।

हालत यह है कि जनता की गाढ़ी कमाई से तैयार निर्माण कार्य उपयोग में आने के बजाय सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। इससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं।

गोबरा नवापारा नगर पालिका

निर्माण पूरा, लेकिन सुविधाओं के दरवाजे बंद

नगर पालिका के पिछले कार्यकाल में इन सुविधाओं के निर्माण पर बड़ी राशि खर्च की गई थी। उम्मीद थी कि जिम शुरू होने से युवाओं को व्यायाम की सुविधा मिलेगी और बैडमिंटन कोर्ट से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। वहीं ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पढ़ाई का बेहतर केंद्र बन सकती थी।

इसी तरह बुजुर्गों के लिए बनाए गए सियान सदन को सामाजिक मेल-मिलाप और नियमित गतिविधियों का केंद्र बनाने की योजना थी। लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद इनके संचालन की व्यवस्था नहीं बन पाई। भवन तैयार हैं, लेकिन दरवाजे अब भी बंद हैं।

निर्माण के साथ संचालन की व्यवस्था क्यों नहीं बनी?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका ने इन भवनों का निर्माण कराते समय इनके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था क्यों नहीं बनाई? क्या योजनाओं को केवल बजट खर्च करने और निर्माण पूरा कराने तक ही सीमित रखा गया? निर्माण के बाद सुविधाओं को नियमित रूप से संचालित करना भी उतना ही जरूरी है, जितना उनका निर्माण कराना।

यदि इन भवनों का उपयोग ही नहीं होना है तो जनता के पैसे से इन्हें बनाने का औचित्य क्या रह जाता है? नगरवासियों का कहना है कि इन सुविधाओं को शुरू कराने के लिए जिम्मेदारों को ठोस पहल करनी चाहिए, ताकि शहर के लोगों को इनका लाभ मिल सके।

संचालन से पालिका को मिल सकता है राजस्व

इन सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से शुरू किया जाए तो नगर पालिका को आय भी हो सकती है। जिम और बैडमिंटन कोर्ट के लिए निर्धारित मासिक शुल्क तथा ई-लाइब्रेरी के लिए सदस्यता व्यवस्था लागू की जा सकती है। इससे संचालन और रखरखाव का खर्च निकालने में मदद मिलेगी। साथ ही पालिका को राजस्व प्राप्त होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सियान सदन को भी बुजुर्गों के लिए नियमित गतिविधियों और सामाजिक मेल-मिलाप का केंद्र बनाया जा सकता है। इस तरह एक ही पहल से युवाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।

गोबरा नवापारा नगर पालिका

नए निर्माण से पहले पुराने भवनों की सुध ले नगर पालिका

नगर में नए विकास कार्यों की घोषणाएं और निर्माण योजनाएं अपनी जगह हैं, लेकिन पहले उन सुविधाओं को शुरू कराने की जरूरत है, जिन पर पहले ही लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बताना चाहिए कि इन भवनों का संचालन कब शुरू होगा, अब तक इन्हें बंद रखने की वजह क्या है और इनके रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है।

फिलहाल नगरवासियों को नए निर्माण के वादों से ज्यादा पहले से तैयार सुविधाओं का लाभ मिलने का इंतजार है। सवाल यही है कि आखिर कब तक जिम, बैडमिंटन कोर्ट, ई-लाइब्रेरी और सियान सदन पर ताले लटके रहेंगे? शहर को सिर्फ विकास के नाम पर बने भवन नहीं, बल्कि उनका वास्तविक उपयोग भी चाहिए।

Story - विनोद जैन

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO

UNGA Death Penalty Vote: फांसी की सजा खत्म करने के प्रस्ताव पर भारत का विरोध, अमेरिका-चीन भी आए साथ

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट