

CM Devendra Fadnavis Nitin Gadkari E-library For Students: चर्मकार समाज की शैक्षणिक और सामाजिक प्रगति के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। नागपुर के समीप बाबुलखेड़ा परिसर में संत रविदास महाराज के स्मारक और सभागृह के निर्माण के लिए राज्य सरकार निधि उपलब्ध कराएगी।
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी भी शुरू की जाएगी। संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की।
महल स्थित शिक्षक सहकारी बैंक के सभागृह में स्व. भानुताई गडकरी की स्मृति में चर्मकार सेवा संघ की ओर से आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में वे बतौर प्रमुख अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की।
इस अवसर पर विधायक कृष्णा खोपड़े, महाराष्ट्र राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सतीश डागोर, दयाशंकर तिवारी और चर्मकार सेवा संघ के संस्थापक अध्यक्ष भैय्यासाहब बिघाने सहित बड़ी संख्या में समाज बांधव उपस्थित थे। सीएम के हाथों 495 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
नागपुर जिले में शिक्षा के साथ ही युवाओं के रोजगार पर जोर देते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लिडकॉम यानी संत रोहिदास चर्मोद्योग एवं चर्मकार विकास महामंडल का नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा।
बार्टी और आर्टी की तर्ज पर लिडकॉम का पुनर्गठन कर चर्मकार समाज के युवाओं को प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने युवाओं से केवल पारंपरिक डिग्रियों पर निर्भर न रहकर कौशल आधारित शिक्षा अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चर्म उद्योग और पारंपरिक कलाओं में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने की आवश्यकता है।
महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित सभी मेधावी विद्यार्थियों से देश तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की।