चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ में हो रही बारिश।
खराब मौसम के कारण सीएम साय का दौरा रद्द।
सीएम साय वर्चुअली कार्यक्रम में हुए शामिल।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी वर्चुअली जुड़े।
CM Vishnudeo Sai Surajpur Visit Cancelled: पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का छत्तीसगढ़ में तगड़ा असर दिख रहा है। आज सुबह से कई जगहों में तेज बारिश हो रही है। बस्तर संभाग के जिलों में रेड अलर्ट जारी हुआ है। इधर खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपना दौरा रद्द करना पड़ा। सीएम साय आज सूरजपुर दौरे पर जाने वाले थे। लेकिन मौसम में आए बदलाव की वजह से सीएम उड़ान नहीं भर सके।
सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान वे क्षेत्र में 208 करोड़ 20 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और 2 करोड़ 45 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों की सौगात दी गई।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार करेगा। इसके प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दक्षिणी तथा मध्य हिस्सों में भारी से अतिभारी (115.5 से 204.5 मिमी तक) बारिश होने की प्रबल संभावना है। विशेषकर बस्तर संभाग में 204 मिमी से अधिक की सीमांत वर्षा और लगभग 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए गरियाबंद जिले के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 27 अक्टूबर को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इसकी सूचना सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।