

मुख्यमंत्री साय से भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने की मुलाकात।
राज्योत्सव में आसमान पर दिखेगा भारतीय वायु सेना के शौर्य और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा
2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होगा भव्य एयर शो।
सुबह 11 बजे से पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब।
Chhattisgarh Rajyotsav IAF Helicopter Show: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुलाकात के दौरान टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना का परिचय देगा। यह आयोजन खासकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम पांच हेलीकॉप्टरों के साथ प्रदर्शन करेगी। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान, आकर्षक संरचनाएं और सटीक हवाई करतब इस शो का प्रमुख आकर्षण होंगे।
सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ के जरिए प्रदर्शन करती है। हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। टीम अपने प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और देश की विमानन तकनीक का प्रदर्शन करती है।
मुख्यमंत्री ने टीम में महिला पायलटों की मौजूदगी को प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नई पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करती है। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य हवाई करतब दिखाने के साथ युवाओं में साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना जगाना भी है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
सारंग टीम का प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। सेंध लेक के आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों को रोमांचित करेगी। इस आयोजन से युवाओं को विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित रहे।