CG Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के शासकीय स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें 5 हजार पद नियमित भर्ती के हैं, जबकि 1,812 पद संविदा आधार पर भरे जाएंगे। नियमित भर्ती के लिए परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, शासकीय विद्यालयों में 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से की जाएगी। इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इन पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
भर्ती परीक्षा के लिए तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं। सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर को और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित होगी।
हालांकि सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जल्द शुरू किए जाएंगे।
सरकारी स्कूलों के साथ ही स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में भी 1,812 संविदा शिक्षकीय पदों पर भर्ती होगी। खास बात यह है कि इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है। भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी की जा रही है, जबकि ऑनलाइन आवेदन अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी है।
इस भर्ती के जरिए राज्य के शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इससे एक ओर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा, वहीं स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।