छत्तीसगढ़ जनगणना 2027 सोर्स- सोशल मीडिया
रायपुर

छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 72 हजार से अधिक कर्मचारी संभालेंगे कमान, तबादलों पर रोक

Chhattisgarh Census 2027 : छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी।

रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज।

  • 72 हजार से अधिक कर्मचारी संभालेंगे जनगणना की जिम्मेदारी।

  • 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर होगा सर्वेक्षण।

  • जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर रोक।

  • 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को मिलेगी स्व-गणना की सुविधा।

Chhattisgarh Raipur Census 2027 : छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के सभी 33 जिलों में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इस काम के लिए 72 हजार से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।

जनगणना की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया वृषाली वराडे, अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक और जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जनवरी से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। एक से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।

स्व-गणना के दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। हालांकि स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक होगी। नागरिक चाहें तो प्रगणक के घर पहुंचने पर भी अपनी जानकारी दे सकते हैं।

62 हजार से अधिक प्रगणक और 10 हजार से ज्यादा पर्यवेक्षक होंगे तैनात

प्रदेश में जनगणना के लिए अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनके संचालन के लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी जनगणना की जिम्मेदारी संभालेंगे। व्यवस्था के तहत लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा।

जनगणना का काम प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों में होगा। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था तैयार की गई है। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉक में बांटा जाएगा।

जनगणना कर्मियों के तबादलों पर रहेगी रोक

मुख्य सचिव विकासशील ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में समय-सीमा, प्रशिक्षण और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है। कलेक्टरों को अपनी टीम की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने और प्रगणकों को नागरिकों से सहज संवाद स्थापित करने का प्रशिक्षण देने को कहा गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना में नागरिकों से ली जाने वाली जानकारी केवल आंकड़ों के संकलन के उद्देश्य से है। इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं है। इसलिए लोगों के बीच किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

पांच चरणों में होगा कर्मचारियों का प्रशिक्षण

जनगणना की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप

जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इस एप के जरिए ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। वहीं जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और पूरी प्रक्रिया की निगरानी होगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रशासन ने मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव और छूट गई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि जनगणना के प्रति लोगों में विश्वास और सहभागिता बढ़ाई जा सके।

मजबूरी में कर रहे समर्थन... शरद पवार ने कांग्रेस को भेजा संदेश; सांसदों की बीजेपी से हो गई है बात!

महिला आरक्षण से 50% सीटों तक, सरकार ने परिसीमन के नए बिल में 6 बड़े बदलाव, जानें क्यों खास है नया विधेयक

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल का समर्थन करेगी NCP(SP), राहुल गांधी ने कहा- 'DMK हमारे साथ चले'

'वोट चोर, गद्दी छोड़' वाले वीडियो पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, कांग्रेस के कार्यक्रम से जुड़ी याचिका खारिज

Delimitation Bill: UP में 120, महाराष्ट्र में 72 सीटें! किस राज्य में कितनी होंगी लोकसभा सीटें? देखें लिस्ट