शनिवार सुबह हुआ हादसा।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।
मृतक सायकिल से जा रहा था तालाब।
चक्काजाम से मार्ग के दोनों ओर लगी लंबी कतारें।
Chhattisgarh Arang Accident : छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर के आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से सायकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर चम्पारण रोड पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बता दें कि हादसा सुबह करीब 6 बजे के आसपास हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर 35 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह नहाने के लिए अपनी सायकिल से तालाब जा रहा था, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की है।
सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।