राज्य शासन ने जारी किया पदस्थापना आदेश।
अब प्रदेशभर के बांधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एस.के. बर्मन के हाथ।
प्रशासनिक विभाग में जारी है तबादलों का दौर।
Chhattisgarh Transfer Order: छत्तीसगढ़ में तबादलों का दौरा जारी है। इस बार अब जल संसाधन विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है। साय सरकार ने 12 अधीक्षण अभियंताओं का ट्रांसफर आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिन जिलों और क्षेत्रों के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, उनमें मुख्य रूप से रायपुर, दुर्ग, रायगढ़, गरियाबंद, बेमेतरा, जगदलपुर, कोरबा और खरसिया शामिल हैं। सरकार ने एस.के. बर्मन को प्रदेशभर के बांधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपा है।
गरियाबंद जल संसाधन विभाग में पदस्थ अधीक्षण अभियंता एस.के. बर्मन को छत्तीसगढ़ शासन ने मुख्य अभियंता, बांध सुरक्षा संगठन के पद पर पदस्थ किया है। जल संसाधन विभाग ने 17 अक्टूबर को इस संबंध में पदस्थापना आदेश जारी किया है। उनकी नई पदस्थापना नवा रायपुर स्थित कार्यालय प्रमुख अभियंता के अंतर्गत की गई है।
इस पदस्थापना के बाद बर्मन का कार्यक्षेत्र गरियाबंद जिला सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में स्थित बांधों की सुरक्षा से जुड़े कार्य उनकी जिम्मेदारी में शामिल होंगे। बांधों का नियमित निरीक्षण, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना इस व्यवस्था के प्रमुख पहलू हैं।
गौरतलब है कि बांधों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार ने बांध सुरक्षा अधिनियम, 2021 बनाया है। इसके तहत बांधों की नियमित जांच, सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया है। ऐसे में बांध सुरक्षा संगठन की भूमिका प्रदेश में बांधों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के पालन और तकनीकी निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण है।