

भाजपा पार्षद बंधु मौर्य के साथ मारपीट
तिफरा स्थित थोक सब्जी मंडी की घटना।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की घटना।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम के एमआईसी सदस्य और भाजपा पार्षद बंधु मौर्य के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तिफरा स्थित थोक सब्जी मंडी में पहुंचे 7 से 8 लोगों ने उन्हें और उनके साथियों को घेरकर पीटा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बंधु मौर्य सीनियर पार्षद होने के साथ सब्जी कारोबारी भी हैं। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मंडी में घुसकर उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि पुराने मामले में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद के चलते मारपीट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
घटना के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना से जुड़े दृश्य होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी दिए जाने की बात भी सामने आई थी। ऐसे में ताजा मारपीट की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और पुरानी रंजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।