रायगढ़ के केलो विहार में देह व्यापार का खुलासा।
किराए के मकान में संचालित हो रहा था अवैध कारोबार।
ग्राहक बनकर पुलिस ने भेजा पाइंटर, फिर दी दबिश।
52 वर्षीय गोविंद साहू गिरफ्तार, 2 हजार रुपये जब्त।
पीटा एक्ट की चार धाराओं में पुलिस ने दर्ज किया मामला।
Prostitution in Raigarh, Chhattisgarh : शहर में किराए के मकान की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत केलो विहार स्थित एक मकान में छापेमारी कर देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में एक मकान किराए पर ले रखा है, जहां युवती के जरिए अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। जैसे ही पाइंटर ने तय संकेत दिया, बाहर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी कर दबिश दे दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए बुलाने की जानकारी दी। वहीं, आरोपी ने भी पैसों की जरूरत के चलते इस गतिविधि में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से मिले 2 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त कर गोविंद साहू को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।