महासमुंद के पलसापाली चेक पोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई।
कार से 52.528 किलो चांदी बरामद।
चांदी की कीमत करीब 90 लाख रुपये।
3.39 लाख नकद और 10 लाख की कार जब्त।
कुल 1.03 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
Chhattisgarh Silver Transport : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध और संदिग्ध चांदी के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरायपाली क्षेत्र के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर थाना बसना और महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कार की तलाशी ली।
इस दौरान वाहन से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, चांदी की सिल्लियां और नकदी बरामद की गई। पुलिस ने वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर चांदी और नकदी समेत कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि चेक पोस्ट पर जांच के दौरान विक्टोरियस कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 52.528 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। इसमें रैपर सहित चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और 6 चांदी की सिल्लियां शामिल हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है।
चांदी के साथ पुलिस को 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले। बरामद चांदी और नकदी के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, वाहन में ले जाई जा रही चांदी और नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद पूरी संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
मामले में थाना बसना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बरामद चांदी और नकदी के स्रोत तथा इनके परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।