

महासमुंद जिला जेल से 4 विचाराधीन बंदी फरार।
जेल की ऊँची बाऊंड्री को फाँद कर हुए फरार।
आज सबेरे लगभग 4 बजे हुए फरार।
03 आरोपी NDPS एक्ट एवं 01 चोरी का है आरोपी।
Mahasamund District Jail Break: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बंदियों ने कंबलों को आपस में बांधकर फंदा बनाया और जेल की दीवार फांदकर बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार बंदियों की तलाश में पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए चार बंदियों में दो जबलपुर (मध्यप्रदेश), एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी है। चारों अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद थे। इनमें तीन पर गांजा तस्करी और एक पर चोरी का आरोप है।
बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के बंदियों ने सुनियोजित तरीके से फरार होने की कोशिश की। इसके लिए उन्होंने कंबलों को आपस में बांधकर फंदे जैसा बनाया और उसके सहारे जेल की दीवार तक पहुंचे। इसके बाद एक-एक कर दीवार फांदकर बाहर निकलने लगे। इस दौरान उनके साथ भागने की कोशिश कर रहा पांचवां बंदी दीवार से नीचे गिर गया, जबकि चार बंदी भागने में सफल रहे।
जेल परिसर से एक साथ चार बंदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बंदियों ने भागने की योजना कैसे बनाई और सुरक्षा के बीच उन्हें मौका कैसे मिला, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन फरार बंदियों की तलाश में जुटे हैं। उनके संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। साथ ही जेल में सुरक्षा संबंधी चूक और घटना के दौरान हुई लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
महासमुंद एसपी सुशील नायक ने घटना की पुष्टि कर बताया कि सुबह 4 बजे की घटना है। जेल की दीवार पर प्रवाहित विद्युत कनेक्शन इन्होंने काट लिया था। कंबल से फंदा बनाकर ये दीवार चढ़े और कम्बल से ही उतरे। आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।