छत्तीसगढ़ में सीबीआई की छापेमारी सोर्स - सोशल मीडिया
दुर्ग

दुर्ग-भिलाई में पुलिस अफसरों से जुड़े ठिकानों और हवाला नेटवर्क तक पहुंची सीबीआई

Durg-Bhilai Mahadev Satta Case CBI Raid : महादेव ऐप केस में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद सीबीआई ने छह राज्यों के 33 ठिकानों और दुर्ग-भिलाई में छापेमारी की।

दिनेश कुमार चौहान, ऐश्वर्या द्विवेदी

HIGHLIGHTS

  • महादेव ऐप केस में दुर्ग-भिलाई में सीबीआई की बड़ी रेड।

  • सौरभ चंद्राकर के खुलासों से हिला सट्टेबाजी का काला नेटवर्क।

  • छह राज्यों के 33 ठिकानों पर जांच एजेंसी का शिकंजा।

  • पुलिस अधिकारियों और हवाला कारोबारियों के ठिकानों तक पहुंची जांच।

  • म्यूल खातों के जरिए विदेश भेजा जा रहा था पैसा।

Mahadev Satta Case CBI Raid Chhattisgarh : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शनिवार को देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई की आंच छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई तक भी पहुंच गई है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर सीबीआई की टीमें दुर्ग जिले के अलग-अलग स्थानों पर जांच के लिए पहुंची हैं। भिलाई के सेक्टर-9, रिसाली और नेहरू नगर सहित अन्य इलाकों में सीबीआई टीमों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है। दुर्ग में भी जांच की कार्रवाई चलने की खबर है।

सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग जिले में कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जुड़े ठिकानों, सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदारों और कथित हवाला नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों के यहां सीबीआई की टीमें पहुंची हैं। माना जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर से ओमान से भारत लाए जाने के बाद हुई पूछताछ में जिन लोगों के नाम और संपर्कों का खुलासा हुआ है, उन्हीं जानकारियों के आधार पर जांच एजेंसी ने इन स्थानों को चिह्नित किया है। हालांकि, किन व्यक्तियों के यहां जांच की जा रही है और उनकी भूमिका क्या है, इसे लेकर फिलहाल सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

सौरभ के खुलासों के बाद खुलने लगी नेटवर्क की परतें

सीबीआई की 14 नवंबर को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को प्लेटफॉर्म के संचालन, भारत में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले।

इन्हीं जानकारियों के आधार पर पिछले कुछ दिनों में छह राज्यों में 33 स्थानों पर तलाशी ली गई। सीबीआई को कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय मिले, जिन्हें मौके पर बंद कराया गया। तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

म्यूल बैंक खातों से हवाला तक फैला था पैसों का नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप का संचालन विदेश में स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल संचालकों का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। ये संचालक ग्राहकों की आईडी बनाने, सट्टेबाजी की रकम जमा कराने और उसका हिसाब रखने का काम करते थे।

सट्टे की रकम को अन्य लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों अथवा किराये पर लिए गए खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला के माध्यम से विदेश भेजे जाने की जानकारी जांच में सामने आई है। सीबीआई की ताजा कार्रवाई में ऐसे म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों से जुड़े इनपुट भी जांच के लिहाज से अहम

दुर्ग-भिलाई में सीबीआई की सक्रियता ने महादेव ऐप मामले को एक बार फिर स्थानीय स्तर पर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से जुड़े ठिकाने भी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा सौरभ चंद्राकर के पारिवारिक और रिश्तेदारी के संपर्कों तथा कथित हवाला कारोबार से जुड़े लोगों के यहां भी जांच की जानकारी है।

हालांकि, किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। जांच एजेंसी की कार्रवाई और पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इन लोगों का महादेव ऐप के संचालन, वित्तीय लेन-देन अथवा नेटवर्क से किस तरह का संबंध रहा है।

19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में है सौरभ चंद्राकर

आठ दिनों की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दूसरी ओर, सीबीआई अब विदेश में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने में मददगार लोगों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

महादेव ऐप मामले में दुर्ग-भिलाई की यह ताजा हलचल इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच का फोकस अब केवल ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालकों तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि कथित वित्तीय नेटवर्क, स्थानीय संपर्कों और उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है, जिनके जरिए इस पूरे कारोबार को संरक्षण अथवा सहयोग मिलने की आशंका है।

जवाहरलाल नेहरू जेल में किस जानवर से डरते थे? भय से बिस्तर छोड़कर भाग जाते थे

INS Betwa: 22 साल पुराने युद्धपोत की क्या है खासियत? भाप से चलता था इंजन, अब मिलेगी डीजल की ताकत

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ