HIGHLIGHTS
पत्थर खदान में डूबने से युवक की मौत।
नहाने के दौरान हुआ हादसा।
शाम 4 बजे सूचना मिली पुलिस को।
रेस्क्यू टीम ने दो घंटे के बाद बरामद किया शव।
ग्राम खोपली का रहने वाला था मृतक।
Chhattisgarh Durg News : जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम खोपली के नहरपारा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब 55 फीट गहरे पानी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को शाम 4 बजे जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खोपली के नहरपारा स्थित पत्थर खदान में नहाते समय एक व्यक्ति गहरे पानी में डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
रेस्क्यू टीम अपने साथ डीप डाइविंग उपकरण, लाइफ जैकेट और मोटर बोट लेकर पहुंची। खदान में करीब 55 फीट गहरा पानी होने के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
डीप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने गहरे पानी में उतरकर तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम 6 बजे डूबे हुए व्यक्ति का शव खोजकर पानी से बाहर निकाल लिया गया।
मृतक की पहचान प्रेम प्रकाश 37 वर्ष, निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई (चौकी मचांदुर), जिला दुर्ग के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई, पंचनामा एवं मर्ग जांच के लिए मौके पर मौजूद उतई थाना (चौकी मचांदुर) पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।